
Koderma Accident : कोडरमा थाना क्षेत्र के रांची-पटना मुख्य मार्ग (NH-20) पर रविवार सुबह नौवां माइल के पास दो ट्रकों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में प्लाई लदा ट्रक और उसके खलासी गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, रामगढ़ से बिहार की ओर जा रहा कोयला लदा ट्रक और उसके पीछे-पिछे चल रहे प्लाई लदे ट्रक में ओवरटेक का प्रयास करते समय दुर्घटना हुई। ढलान वाले हिस्से पर संतुलन बिगड़ने और ब्रेक पर नियंत्रण न रखने के कारण प्लाई ट्रक पीछे से कोयला लदे ट्रक से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कोयला ट्रक सड़क किनारे पलट गया और प्लाई लदे ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में प्लाई ट्रक में सवार बरबीघा (बिहार) निवासी 22 वर्षीय सुधीर कुमार और बिट्टू कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। कोयला लदे ट्रक का चालक समय रहते छलांग लगाकर अपनी जान बचा सका।
स्थानीय लोगों और पेट्रोलिंग टीम की मदद से दोनों घायलों को एंबुलेंस के जरिए कोडरमा सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
कोडरमा घाटी में सड़क हादसे लगातार बढ़ रहे हैं। विशेषकर नौवां माइल और जमसोती नाला के बीच का क्षेत्र दुर्घटनाओं के लिए संवेदनशील माना जाता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से स्पीड ब्रेकर, चेतावनी बोर्ड और सख्त यातायात नियमों के पालन की मांग की है।
