
Electric Shock Cattle Death : झारखंड के Deori प्रखंड से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां धरतीथानटांड (तिवारीडीह) के पास गिरे 11 हजार वोल्ट बिजली तार की चपेट में आने से चार मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, तिवारीडीह गांव के किसानों के मवेशी सुबह चरने के लिए मैदान में गए थे। इसी दौरान वे जमीन पर गिरे बिजली तार के संपर्क में आ गए। तार में करंट प्रवाहित होने के कारण तीन बैल और एक दुधारू गाय की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
मृत मवेशियों में मालती देवी का एक बैल, भजनी देवी की दुधारू गाय, रूबी देवी और रेनू देवी के एक-एक बैल शामिल हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि बीती रात आई आंधी-बारिश के कारण बिजली का तार टूटकर जमीन पर गिर गया था, जिसकी जानकारी समय पर नहीं मिल सकी। सुबह मवेशी उसी की चपेट में आ गए।
इस घटना से प्रभावित किसानों को करीब 1 लाख 30 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। पीड़ितों ने प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी और बिजली विभाग को सूचना देकर मुआवजे की मांग की है।
घटना के बाद ग्रामीणों में नाराजगी है और बिजली विभाग की लापरवाही पर सवाल उठाए जा रहे हैं।

