
पटना: बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। सम्राट चौधरी को भाजपा विधायक दल का नेता चुन लिया गया है और अब वे राज्य के नए मुख्यमंत्री बनेंगे। खास बात यह है कि वे बिहार के पहले भाजपा मुख्यमंत्री होंगे। इससे पहले ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सुबह सम्राट चौधरी के नाम का संकेत दे दिया था। बजट सत्र के दौरान विधानसभा में भी नीतीश कुमार ने उनकी पीठ थपथपाई थी, जिसे सियासी हलकों में बड़े संकेत के तौर पर देखा गया।
इसी बीच, नीतीश कुमार ने पटना स्थित लोक भवन में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (रिटायर्ड) को अपना इस्तीफा सौंप दिया। इसके बाद नए नेतृत्व का रास्ता साफ हो गया। बता दें कि नीतीश कुमार ने 10 अप्रैल को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ली थी। अब उनके इस्तीफे के बाद बिहार की सत्ता की कमान सम्राट चौधरी के हाथों में जाने वाली है।

