
NH32 Road Collapse : धनबाद-रांची मुख्य मार्ग NH 32 पर केन्दुआडीह थाना क्षेत्र के पास अचानक सड़क धंस जाने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सड़क के दोनों हिस्से धंसने के कारण आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है।
घटना के बाद प्रशासन ने एहतियात के तौर पर सड़क के दोनों ओर बैरिकेडिंग कर दी है, ताकि किसी तरह की अनहोनी से बचा जा सके। मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए और स्थिति को लेकर चिंता जताई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस तरह से सड़क लगातार धंस रही है, उससे किसी बड़ी घटना से इनकार नहीं किया जा सकता। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही इलाके में जहरीली गैस का रिसाव हुआ था, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई थी और कई लोग बीमार पड़े थे।
घटना के बाद भी भारत कोकिंग कोल लिमिटेड और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के मौके पर नहीं पहुंचने से लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।
केन्दुआडीह क्षेत्र में लगातार हो रही भू-धंसान और गैस रिसाव की घटनाओं से करीब 10 हजार से अधिक आबादी पर विस्थापन का खतरा मंडरा रहा है। स्थानीय लोगों ने बीसीसीएल पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि पुनर्वास नीति भी प्रभावी तरीके से लागू नहीं हो रही है।
फिलहाल स्थिति गंभीर बनी हुई है और लोग प्रशासन से जल्द ठोस कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।

