
JAC Result 2026 : झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) की मैट्रिक परीक्षा 2026 के परिणाम को लेकर बड़ा तकनीकी और प्रशासनिक विवाद सामने आया है। आधिकारिक घोषणा से पहले ही रिजल्ट वेबसाइट पर दिखाई देने से छात्रों और अभिभावकों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
शुक्रवार रात अचानक आधिकारिक रिजल्ट पोर्टल jacresults.com पर मैट्रिक परीक्षा का परिणाम दिखाई देने लगा। कई छात्रों ने जब अपने रोल नंबर दर्ज किए, तो उन्हें पूरी मार्कशीट स्क्रीन पर दिखी, जिसे कुछ छात्रों ने डाउनलोड भी कर लिया। यह स्थिति कुछ ही समय तक रही, जिसके बाद वेबसाइट से रिजल्ट लिंक हटा दिया गया।
इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर तेजी से कथित मार्कशीट वायरल होने लगी। छात्रों ने अपने अंक, प्रतिशत और विषयवार परिणाम साझा करना शुरू कर दिया। कई स्कूलों ने भी इसी आधार पर छात्रों को बधाई दे दी, जिससे भ्रम और बढ़ गया।
हालांकि कुछ घंटों बाद झारखंड एकेडमिक काउंसिल ने स्पष्ट किया कि यह रिजल्ट आधिकारिक नहीं है। बोर्ड सचिव जयनत मिश्रा ने कहा कि मैट्रिक परीक्षा 2026 का परिणाम अभी जारी नहीं किया गया है और मूल्यांकन प्रक्रिया अभी जारी है।
उन्होंने वायरल हो रही सभी मार्कशीट, स्क्रीनशॉट और लिंक को फर्जी और भ्रामक बताया। साथ ही छात्रों और अभिभावकों से अपील की गई कि वे केवल आधिकारिक घोषणा पर ही भरोसा करें और किसी भी अनधिकृत सूचना पर ध्यान न दें।
फरवरी 2026 में आयोजित इस परीक्षा में करीब 4.23 लाख छात्र शामिल हुए थे, जो अब अपने अंतिम परिणाम का इंतजार कर रहे हैं।
इस बीच तकनीकी विशेषज्ञों ने इस तरह की घटना के पीछे कई संभावित कारण बताए हैं। इनमें सर्वर टेस्टिंग के दौरान मानवीय गलती, डेटा अपलोडिंग के समय सुरक्षा चूक, या हिडन यूआरएल का अनुमान लगाना शामिल हो सकता है। कुछ मामलों में रिजल्ट सिस्टम टेस्टिंग के दौरान अस्थायी रूप से लाइव हो जाता है, जिससे ऐसी स्थिति पैदा हो सकती है।
हालांकि बोर्ड ने फिलहाल किसी भी प्रकार की डेटा लीक या आधिकारिक गड़बड़ी की पुष्टि नहीं की है, लेकिन इस घटना ने परीक्षा प्रणाली की डिजिटल सुरक्षा पर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल सभी छात्रों को आधिकारिक घोषणा का इंतजार है, जो आने वाले दिनों में बोर्ड की वेबसाइट पर जारी की जाएगी।

