झारखंड में तपिश से हाल बेहाल, डालटनगंज 44.6°C, रांची 40.8°C; कई जिलों में आज बारिश और आंधी के आसार

झारखंड में भीषण गर्मी से हाल बेहाल, डालटनगंज में 44.6 डिग्री रिकॉर्ड, रांची समेत कई जिलों में पारा 40 पार, आज बारिश, आंधी और वज्रपात की चेतावनी जारी

Razi Ahmad
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jharkhand Heatwave : झारखंड में अप्रैल के अंतिम सप्ताह में ही गर्मी ने विकराल रूप ले लिया है। शनिवार इस सीजन का अब तक का सबसे गर्म दिन रहा। राज्य के आठ जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 1.9 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से काफी अधिक है। वहीं डालटनगंज (मेदिनीनगर) में सबसे ज्यादा 44.6 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।

इसके अलावा सरायकेला, चाईबासा, कोडरमा, गोड्डा, जमशेदपुर और बोकारो में भी तेज गर्मी का असर साफ नजर आया। देर शाम तक गर्म हवाएं चलती रहीं, जिससे लोगों को राहत नहीं मिली और रात में भी उमस बनी रही।

जनजीवन पर गर्मी की मार

तापमान में अचानक आई तेजी का असर पूरे राज्य में देखने को मिला। जमशेदपुर में 40.3 डिग्री, बोकारो में 41.2 डिग्री और कोडरमा में 41.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। चतरा और गढ़वा में पारा 43 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि गोड्डा में 41.9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। हजारीबाग और देवघर जैसे जिलों में भी तापमान 40 डिग्री के पार रहा।

भीषण गर्मी के कारण दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा और लोगों ने घरों में रहना ही बेहतर समझा। लगातार चल रही लू और उमस ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है।

आज कई जिलों में बारिश के संकेत

मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार रात से मौसम में बदलाव के संकेत मिलने लगे हैं। अगले 24 से 48 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में राहत मिलने की संभावना है। पूर्वी उत्तर प्रदेश और पूर्वी बिहार के ऊपर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण झारखंड के वातावरण में नमी बढ़ रही है।

इसके प्रभाव से उत्तर-पूर्वी और मध्य भागों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, देवघर, दुमका, पाकुड़ और साहेबगंज में मेघ गर्जन, वज्रपात और तेज हवा चलने का अनुमान है।

ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने 26 से 28 अप्रैल के बीच रांची, खूंटी, बोकारो और हजारीबाग में ओलावृष्टि तथा 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की चेतावनी जारी की है। कई जिलों के लिए ऑरेंज और यलो अलर्ट भी जारी किया गया है।

विभाग के अनुसार, 29 अप्रैल तक रांची और आसपास के इलाकों में अधिकतम तापमान गिरकर 37 डिग्री तक आ सकता है। हालांकि बारिश के बाद उमस बढ़ने की संभावना है, लेकिन सुबह और शाम की ठंडी हवाएं लोगों को कुछ राहत दे सकती हैं। फिलहाल लोगों को गर्मी और बदलते मौसम, दोनों से सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।