
Har Ghar Nal Ka Jal: राज्य में चल रही हर घर नल का जल योजना की प्रगति को लेकर लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग ने उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। यह बैठक विभागीय सचिव पंकज कुमार पाल की अध्यक्षता में आयोजित हुई, जिसमें कई जिलों की योजनाओं की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में मुंगेर, लखीसराय और जमुई प्रमंडलों में चल रही योजनाओं की समीक्षा की गई। सचिव ने साफ कहा कि कार्यान्वयन में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लंबित योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा किया जाए।
साथ ही CGRC (केंद्रीकृत शिकायत निवारण केंद्र) में लंबित शिकायतों के त्वरित निपटारे के निर्देश दिए गए। जिन योजनाओं में बाधा आ रही है, उन्हें तुरंत दूर कर आम लोगों को निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया।
समीक्षा के दौरान यह भी सामने आया कि कुछ सहायक अभियंता निरीक्षण के लिए फील्ड में नहीं गए। इस पर सचिव ने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसके अलावा लखीसराय और मुंगेर के कार्यपालक अभियंताओं को नियमित रूप से क्षेत्र भ्रमण कर योजनाओं की जमीनी हकीकत पर नजर रखने को कहा गया। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्य में लापरवाही या उदासीनता बरतने वाले अभियंताओं के खिलाफ CRS (अनिवार्य सेवानिवृत्ति) जैसी कार्रवाई भी की जा सकती है।
सचिव ने यह भी निर्देश दिया कि पाइपलाइन लीकेज, क्षतिग्रस्त लाइन जैसी समस्याओं को तुरंत ठीक किया जाए, ताकि जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
बैठक में विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और संबंधित प्रमंडलों के अभियंता मौजूद रहे।

