
Gaya Land Dispute: बिहार के गया जिले में जमीन विवाद को लेकर तनाव बढ़ गया है। मगध मेडिकल थाना क्षेत्र के मगध कॉलोनी चपरदा मोहल्ला निवासी निखिल कुमार और उनकी पत्नी नूतन सिंह ने स्थानीय मुखिया और उनके परिजनों पर जमीन कब्जाने और निर्माण कार्य में बाधा डालने का गंभीर आरोप लगाया है।
पीड़ित दंपति का कहना है कि उनकी जमीन पर औरवा पंचायत की मुखिया लालमणि देवी, उनके पुत्र मनीष सिंह और अन्य लोगों द्वारा जबरन हस्तक्षेप किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बाउंड्रीवॉल निर्माण के दौरान उन्हें रोका गया और धमकाया गया।
गिफ्ट में मिली जमीन, कागजात होने का दावा
दंपति के अनुसार, यह जमीन नूतन सिंह और उनकी बहन विभा रानी को उनकी माता गायत्री देवी द्वारा गिफ्ट की गई थी। इसमें नूतन सिंह के नाम 28 डिसमिल और विभा रानी के नाम 28.5 डिसमिल जमीन दर्ज है। उनका दावा है कि जमीन से जुड़े सभी वैध दस्तावेज उनके पास मौजूद हैं।
अमीन को भगाने का आरोप
निखिल कुमार का आरोप है कि जब उन्होंने प्रशासन से शिकायत की, तो जमीन की नापी के लिए अमीन को भेजा गया। लेकिन मुखिया पक्ष के लोगों ने मौके पर पहुंचकर अमीन को भी भगा दिया और नापी का कार्य रुकवा दिया।
धमकी और दबाव का आरोप
पीड़ितों का कहना है कि उन्हें लगातार धमकाया जा रहा है और जमीन पर कब्जा छोड़ने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। इस घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है।
प्रशासन से न्याय की गुहार
दंपति ने जिला प्रशासन से हस्तक्षेप कर उन्हें उनकी जमीन पर शांतिपूर्ण कब्जा दिलाने और सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो स्थिति और बिगड़ सकती है।

