
Excise Constable Paper Leak: रांची में चर्चित झारखंड उत्पाद सिपाही पेपर लीक मामले की जांच में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। रांची पुलिस की विशेष टीम ने सहरसा से अमृत राज उर्फ बुलबुल को गिरफ्तार किया है। आरोपी का नाम पहले पकड़े गए आरोपियों की पूछताछ के दौरान सामने आया था।
पुलिस के अनुसार अमृत राज सिलीगुड़ी स्थित कर्मचारी भविष्य निधि कार्यालय में क्लर्क के पद पर कार्यरत था। सूचना मिलने के बाद रांची पुलिस ने सहरसा में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया और बाद में रांची लाकर जेल भेज दिया।
मामले को लेकर डीएसपी-1 अमर पांडेय ने बताया कि आरोपी की भूमिका पेपर लीक नेटवर्क में सामने आने के बाद उसकी गिरफ्तारी की गई है। पुलिस अब उसे रिमांड पर लेकर पूरे नेटवर्क और अन्य आरोपियों के संबंध में पूछताछ करेगी।
गौरतलब है कि 11 अप्रैल को तमाड़ थाना क्षेत्र के रडगांव स्थित एक अर्धनिर्मित नर्सिंग कॉलेज में पुलिस ने बड़ी छापेमारी की थी। इस कार्रवाई में सॉल्वर गैंग के कई सदस्यों समेत 159 अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया गया था। जांच में खुलासा हुआ था कि परीक्षा से पहले अभ्यर्थियों को संभावित प्रश्न और उत्तर याद करवाए जा रहे थे।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि अभ्यर्थियों से परीक्षा पास कराने के नाम पर करीब तीन-तीन लाख रुपये वसूले गए थे। अब तक इस मामले में कुल 166 आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है।
पुलिस को आशंका है कि इस पेपर लीक गिरोह के तार कई राज्यों तक फैले हुए हैं। इसी वजह से झारखंड पुलिस बिहार और पश्चिम बंगाल समेत अन्य राज्यों में लगातार छापेमारी कर रही है। फिलहाल जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि प्रश्न पत्र लीक करने के पीछे मुख्य मास्टरमाइंड कौन है और पूरा नेटवर्क कैसे संचालित हो रहा था।

