
लातेहार: लातेहार से लंबी यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर सामने आई है। रांची-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस (12453-54) का साप्ताहिक ठहराव अब लातेहार रेलवे स्टेशन पर शुरू हो गया है।
चतरा सांसद रहे मौजूद
बता दें रविवार को ट्रेन पहली बार लातेहार पहुंची। ट्रेन के पहुंचने पर रेलवे स्टेशन पर उत्साह का माहौल देखने को मिला। इस दौरान चतरा सांसद कालीचरण सिंह भी मौके पर मौजूद रहे।
स्थानीय लोगों ने ट्रेन का भव्य स्वागत किया
इस दौरान जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय लोगों ने ट्रेन का भव्य स्वागत किया। अलग जिला बनने के बाद इसे लातेहार की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में चतरा सांसद ने कहा कि शायद ही किसी ने सोचा होगा कि एक दिन राजधानी एक्सप्रेस का ठहराव लातेहार में भी होगा। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि प्रधानमंत्री और रेल मंत्री के प्रयासों से संभव हो पाई है। उन्होंने कहा कि इस ट्रेन के ठहराव से जिले के व्यवसायियों, छात्रों, नौकरीपेशा लोगों एवं आम यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी।
कार्यक्रम में सरयू प्रसाद सिंह, जयप्रकाश महलका, जिला परिषद अध्यक्ष पूनम देवी, नगर पंचायत अध्यक्ष महेश सिंह, उपाध्यक्ष संतोष रंजन, भाजपा जिला अध्यक्ष बंशी यादव, पंकज कुमार सिंह, सांसद प्रतिनिधि अमलेश कुमार सिंह, डॉ. चंदन सिंह, छोटू राजा, रामदेव सिंह, राजन तिवारी, ध्रुव पांडेय, विष्णु देव प्रसाद, मुकेश पांडेय, मोती सोनी, प्रमोद प्रसाद, राजू रंजन प्रसाद, विवेद चंद्रवंशी, विवेकानंद प्रसाद, नंदलाल प्रसाद, राजेंद्र पासवान और आजाद खान सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे।

