गुमला में जन शिकायत निवारण दिवस, DC ने ग्रामीणों की समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश

गुमला में जन शिकायत निवारण दिवस के दौरान ग्रामीणों ने जमीन, राशन कार्ड, सड़क, पेयजल और भूमि विवाद से जुड़ी समस्याएं उठाईं, जिन पर DC ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

Razi Ahmad
4 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Gumla News : गुमला जिले में आमजन की समस्याओं के समाधान को लेकर उपायुक्त दिलेश्वर महत्तो की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में साप्ताहिक जन शिकायत निवारण दिवस आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों और सुदूरवर्ती क्षेत्रों से पहुंचे ग्रामीणों एवं नागरिकों ने अपनी समस्याओं और मांगों से संबंधित आवेदन उपायुक्त के समक्ष प्रस्तुत किए।

उपायुक्त ने सभी मामलों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को नियमानुसार जांच कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जमीन, दाखिल-खारिज और रिकॉर्ड अपडेट का मामला

जन शिकायत निवारण दिवस के दौरान जारी प्रखंड के ग्राम परसा निवासी जगरनाथ कवर ने बंदोबस्ती जमीन के ऑनलाइन दाखिल-खारिज और रिकॉर्ड अद्यतन कराने को लेकर आवेदन दिया। आवेदक ने बताया कि उनके दादा के नाम लाल कार्ड के माध्यम से मिली सरकारी भूमि पर परिवार वर्षों से खेती कर रहा है, लेकिन दस्तावेज नष्ट होने के कारण जमीन ऑनलाइन रिकॉर्ड में दर्ज नहीं हो पा रही है।

इस पर उपायुक्त ने संबंधित अंचल अधिकारी को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

दिव्यांग महिला ने राशन कार्ड बदलने की लगाई गुहार

बसिया प्रखंड की दिव्यांग महिला मीना कुमारी ने अपने लाल राशन कार्ड को बीपीएल श्रेणी में परिवर्तित करने की मांग की। महिला ने आर्थिक तंगी और पर्याप्त खाद्यान्न नहीं मिलने की समस्या रखी। उपायुक्त ने जिला आपूर्ति पदाधिकारी को पात्रता के अनुसार जांच कर आवश्यक कदम उठाने को कहा।

सड़क और पेयजल संकट पर ग्रामीणों की शिकायत

रायडीह प्रखंड की कीज्जा पंचायत के नवाटोली, आंवरालोंगडा, बुचीडाही और गलगुटरी गांवों के ग्रामीणों ने सड़क और पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने को लेकर सामूहिक आवेदन दिया। ग्रामीणों ने बताया कि लगभग एक हजार आदिवासी आबादी वाले इन गांवों में मूलभूत सुविधाओं का अभाव है और बरसात में आवागमन बेहद कठिन हो जाता है।

ग्रामीणों ने खराब पड़े चापाकलों और पेयजल संकट की समस्या उठाते हुए शहीद CRPF जवान स्वर्गीय पूर्णिमा मुंडा के गांव में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग भी की। उपायुक्त ने संबंधित विभागों को स्थल निरीक्षण कर रिपोर्ट सौंपने और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

भूमि विवाद और धमकी के मामलों की जांच के आदेश

दुन्दुरिया डाडू टोली के एक ग्रामीण ने खतियानी बकास्त भूमि पर अवैध घेराबंदी की शिकायत की, जबकि मौजा कोयंजारा गढ़टोली की फेतो खड़ियाईन ने भूमि विवाद और जान से मारने की धमकी का आरोप लगाया। उपायुक्त ने थाना प्रभारी और राजस्व अधिकारियों को निष्पक्ष जांच कर विधिसम्मत कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

इसके अलावा ग्राम खोरा निवासी लक्ष्मण उरांव ने गलत वंशावली के आधार पर मुआवजा लेने की शिकायत दर्ज कराई। इस पर उपायुक्त ने दस्तावेजों की जांच कर वास्तविक लाभुक को न्याय दिलाने की बात कही।

उपायुक्त दिलेश्वर महत्तो ने कहा कि जन शिकायत निवारण दिवस का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ समाधान सुनिश्चित करना है। अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से मामलों के निष्पादन का निर्देश दिया गया है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।