
Hazaribagh News : हजारीबाग जिले के कटकमदाग प्रखंड स्थित बानादाग में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब जमीन के म्यूटेशन से नाराज एक युवक करीब 40 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ गया। युवक करीब 11 घंटे तक टावर पर डटा रहा, जिससे प्रशासन और स्थानीय लोगों के बीच हड़कंप मच गया।
बताया गया कि युवक की पहचान विकास कुमार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से चतरा जिले के टंडवा का निवासी है और बानादाग स्थित एनटीपीसी साइडिंग में कार्यरत है। विकास का आरोप है कि फतहा क्षेत्र में स्थित उसकी जमीन का म्यूटेशन पिछले पांच-छह महीनों से लंबित है। वह कई बार कटकमदाग अंचल कार्यालय का चक्कर लगा चुका है, लेकिन हर बार उसे वापस लौटा दिया जाता है।
टावर पर चढ़े युवक ने मोबाइल फोन के जरिए अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि अधिकारियों की उदासीनता से वह मानसिक रूप से परेशान हो चुका है। इसी वजह से उसने यह कदम उठाया।
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। अंचल अधिकारी सहित कई अधिकारी लगातार युवक को समझाने और सुरक्षित नीचे उतरने के लिए मनाने में जुटे रहे। करीब 11 घंटे की मशक्कत और आश्वासन के बाद युवक टावर से नीचे उतरने को तैयार हुआ।
इस मामले में कटकमदाग अंचल अधिकारी सत्येंद्र नारायण पासवान ने बताया कि संबंधित म्यूटेशन आवेदन पहले ही निरस्त हो चुका है और फिलहाल मामला एलआरडीसी स्तर पर लंबित है। उन्होंने कहा कि कुछ तकनीकी और राजस्व संबंधी समस्याएं हैं, जिनके समाधान के बाद ही आगे की प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।
प्रशासन ने युवक के परिजनों को लिखित आश्वासन दिया है कि मामले की नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद इलाके में पूरे दिन इस हाई वोल्टेज ड्रामे की चर्चा होती रही।

