
- जनादेश का सम्मान करना बीजेपी ने कभी नहीं सीखा, अफवाहों के सहारे राज्यसभा चुनाव नहीं जीते जाते
Mridul Raj : रांची, 8 जून: कांग्रेस प्रवक्ता मृदुल राज ने राज्यसभा चुनाव को लेकर बीजेपी नेताओं द्वारा की जा रही बयानबाजी पर तीखा पलटवार करते हुए कहा कि हॉर्स ट्रेडिंग और खरीद-फरोख्त की राजनीति की बात करने से पहले बीजेपी को अपने राजनीतिक इतिहास में झांकना चाहिए। पूरे देश ने देखा है कि किस तरह जनादेशों को कमजोर करने और निर्वाचित सरकारों को अस्थिर करने के आरोप बार-बार बीजेपी पर लगते रहे हैं।
मृदुल राज ने कहा कि झारखंड में INDIA गठबंधन पूरी तरह एकजुट है और दोनों राज्यसभा सीटों पर गठबंधन के उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित है। बीजेपी के पास न पर्याप्त संख्या है और न ही कोई ठोस राजनीतिक मुद्दा, इसलिए वह अफवाहों और अटकलों का सहारा लेकर माहौल बनाने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने कहा कि बीजेपी के नेताओं को यह समझ लेना चाहिए कि झारखंड कोई राजनीतिक प्रयोगशाला नहीं है। यहां के विधायक लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध हैं और किसी भी प्रकार की अफवाह या दबाव की राजनीति से प्रभावित होने वाले नहीं हैं।
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि जब भी चुनाव आता है, बीजेपी हार की आशंका से घबराकर हॉर्स ट्रेडिंग और तोड़फोड़ की चर्चाओं को हवा देने लगती है। लेकिन इस बार भी उसकी यह रणनीति पूरी तरह विफल होगी। INDIA गठबंधन के सभी विधायक मजबूती से एकजुट हैं और गठबंधन के उम्मीदवारों के समर्थन में खड़े हैं।
मृदुल राज ने कहा कि बीजेपी को यह स्वीकार कर लेना चाहिए कि झारखंड की जनता विभाजन और साजिश की राजनीति नहीं, बल्कि विकास, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों की राजनीति के साथ खड़ी है। राज्यसभा चुनाव के नतीजे बीजेपी की गलतफहमियों को दूर कर देंगे।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनादेश सबसे बड़ा होता है और INDIA गठबंधन उसी जनादेश का सम्मान करते हुए आगे बढ़ रहा है। राज्यसभा चुनाव में दोनों सीटों पर गठबंधन की जीत यह साबित करेगी कि झारखंड में जनता का भरोसा आज भी INDIA गठबंधन के साथ मजबूती से खड़ा है।
मृदुल राज
प्रवक्ता
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी

