विजाग स्टील प्लांट में दर्दनाक हादसा: पिघला हुआ स्टील गिरने से 8 श्रमिकों की मौत, कई घायल

विशाखापट्टनम के विजाग स्टील प्लांट में पिघला हुआ स्टील गिरने से बड़ा हादसा हुआ। दुर्घटना में कई श्रमिकों की मौत और कई अन्य के घायल होने की खबर है।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Vizag Steel Plant: आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम स्थित राष्ट्रीय इस्पात निगम लिमिटेड (विजाग स्टील प्लांट) में सोमवार को एक बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। हादसे में कम से कम आठ श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे संयंत्र परिसर में अफरा-तफरी मच गई और राहत-बचाव कार्य तत्काल शुरू किया गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटना उस समय हुई जब क्रेन की सहायता से अत्यधिक गर्म पिघले हुए स्टील से भरे एक बकेट को प्लांट के भीतर एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान तकनीकी गड़बड़ी के कारण बकेट से लगभग 1600 डिग्री सेल्सियस तापमान वाला पिघला स्टील नीचे काम कर रहे श्रमिकों पर गिर गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा होते ही कर्मचारियों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही प्लांट प्रबंधन, सुरक्षा कर्मी और आपातकालीन सेवाओं की टीमें मौके पर पहुंचीं। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना की पुष्टि करते हुए स्टील प्लांट सर्किल इंस्पेक्टर केशव राव ने बताया कि राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है। साथ ही हादसे के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है। अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि दुर्घटना तकनीकी खराबी की वजह से हुई या सुरक्षा मानकों के पालन में कहीं चूक हुई थी।

इस दुखद घटना पर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्रीएन. चंद्रबाबू नायडू ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अधिकारियों को राहत कार्यों में तेजी लाने, घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।