
Development Projects: गांडेय विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति देने के उद्देश्य से विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन ने सोमवार को कई महत्वपूर्ण योजनाओं का शिलान्यास किया और विभिन्न विकास परियोजनाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के माध्यम से शिक्षा, सड़क निर्माण, कौशल विकास, स्वरोजगार और ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया।
दौरे की शुरुआत ताराटांड़ उच्च विद्यालय के निरीक्षण से हुई, जहां विधायक ने विद्यालय की शैक्षणिक और आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए शिक्षा के महत्व पर बल दिया और उन्हें अनुशासन तथा अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की सलाह दी। इस अवसर पर झारखंड राज्य खो-खो संघ द्वारा आयोजित 19वीं जूनियर राज्य स्तरीय बालिका खो-खो प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं और खिलाड़ियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इसके बाद विधायक ने पथ निर्माण विभाग की ओर से लगभग 55 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली बड़कीटांड़–गिरनिया मोड़ सड़क परियोजना का भूमि पूजन और शिलान्यास किया। अधिकारियों के अनुसार इस सड़क के निर्माण से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा और ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी। इससे स्थानीय लोगों को परिवहन और आर्थिक गतिविधियों में भी लाभ मिलने की उम्मीद है।
गांडेय प्रखंड स्थित जिला परिषद निरीक्षण भवन परिसर में दस्तकार यूनिट (जूट हथकरघा एवं वस्त्र उत्पाद निर्माण इकाई) की आधारशिला भी रखी गई। इस परियोजना का उद्देश्य स्थानीय कारीगरों, महिला स्वयं सहायता समूहों और युवाओं को रोजगार तथा स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। उम्मीद जताई जा रही है कि इस इकाई के शुरू होने से स्थानीय स्तर पर कौशल विकास और आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा मिलेगा।
महेशमुंडा स्कूल के समीप आयोजित कार्यक्रम में बिरसा हरित ग्राम योजना के लाभुकों और स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों के साथ संवाद भी किया गया। विधायक ने लाभुकों को सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
दौरे के दौरान बेंगाबाद प्रखंड के कर्णपुरा पंचायत में संचालित एक आधुनिक कृषि फार्म का भी निरीक्षण किया गया। यहां कृषि नवाचारों और आधुनिक खेती की तकनीकों की जानकारी लेते हुए किसानों को सरकारी योजनाओं से जुड़ने तथा उन्नत कृषि पद्धतियां अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम में उपायुक्त रामनिवास यादव, पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार, उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, अनुमंडल पदाधिकारी धीरेंद्र कुमार सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

