मुहर्रम को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने पर सहमति, 28 जून को निकलेगा जुलूस; प्रशासन ने जारी की तैयारियां

सिमडेगा में मुहर्रम को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने पर सहमति बनी। 28 जून को जुलूस निकलेगा, प्रशासन ने सुरक्षा, निगरानी और सोशल मीडिया पर विशेष सतर्कता के निर्देश दिए।

Razi Ahmad
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Simdega Muharram : मुहर्रम पर्व को लेकर सदर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) सुमंत तिर्की ने की। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, मुहर्रम कमेटी के सदस्यों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सभी ने पर्व को सौहार्दपूर्ण और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने पर सहमति जताई।

बैठक में सिमडेगा सेंट्रल मुहर्रम कमेटी की ओर से जानकारी दी गई कि जिले में मुहर्रम का पर्व 26 जून को मनाया जाएगा, जबकि पारंपरिक जुलूस 28 जून को निकाला जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जुलूस खैरनटोली और इस्लामपुर क्षेत्र से शुरू होकर शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए महावीर चौक तक पहुंचेगा। इसके बाद जुलूस पुनः भट्ठीटोली क्षेत्र लौटेगा।

मुहर्रम के अवसर पर विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ पारंपरिक प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा। प्रशासन ने आयोजन समितियों से सभी गतिविधियों को निर्धारित नियमों और सुरक्षा मानकों के अनुरूप संचालित करने का आग्रह किया है।

बैठक को संबोधित करते हुए एसडीओ सुमंत तिर्की ने कहा कि सिमडेगा जिले की पहचान आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के लिए रही है। यहां सभी समुदायों के लोग एक-दूसरे के पर्व और त्योहारों का सम्मान करते हुए मिलजुलकर उत्सव मनाते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी ऐसी गतिविधि से बचें जिससे सामाजिक सद्भाव प्रभावित हो या किसी समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचे।

वहीं एसडीपीओ धर्मदेव पासवान ने कहा कि पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए जाएंगे। संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था भंग करने या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

एसडीपीओ ने सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग पर भी जोर देते हुए लोगों से भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री साझा नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पुलिस की विशेष टीम सोशल मीडिया गतिविधियों पर लगातार नजर रखेगी ताकि किसी भी तरह की अफवाह या गलत सूचना को समय रहते रोका जा सके।

बैठक में सदर अंचल अधिकारी इम्तियाज अहमद, जिला परिषद सदस्य शांतिबाला केरकेट्टा, नगर परिषद अध्यक्ष ओलिवर लकड़ा, विधायक प्रतिनिधि सामी आलम, थाना प्रभारी, अंजुमन एवं मुहर्रम कमेटी के पदाधिकारी तथा शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।