
Lohardaga Road Accident : लोहरदगा जिले में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। मिशन चौक के समीप तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से एक ही परिवार के तीन भाई-बहनों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, शहर के बरवाटोली निवासी मुकेश साहू के परिवार में पड़ोस में आयोजित एक शादी समारोह की तैयारियां चल रही थीं। इसी समारोह में शामिल होने के लिए उनके बेटे रोहित साहू, बेटी सपना कुमारी और सृष्टि कुमारी स्कूटी से कृषि बाजार स्थित धर्मशाला जा रहे थे। रास्ते में मिशन चौक के पास यह भीषण हादसा हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गुमला की ओर से आ रहा एक तेज रफ्तार ट्रक अचानक स्कूटी को टक्कर मारते हुए आगे बढ़ गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी और उसमें सवार तीनों भाई-बहन काफी दूर तक घिसटते चले गए। दुर्घटना में दोनों बहनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रोहित गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और तीनों को सदर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने 24 वर्षीय सपना कुमारी और 14 वर्षीय सृष्टि कुमारी को मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि सपना कुमारी गर्भवती भी थी, जिससे यह हादसा और अधिक दुखद बन गया।
वहीं गंभीर रूप से घायल रोहित साहू को बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर किया गया था। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी भी मौत हो गई। इस तरह एक ही परिवार के तीन सदस्यों की असमय मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
मृतक रोहित परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में अपने पिता का हाथ बंटाता था। उसके पिता मुकेश साहू मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं, जबकि रोहित एक निजी प्रतिष्ठान में कार्यरत था। हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और शादी की खुशियां पलभर में शोक में बदल गई हैं।
पुलिस ने दुर्घटना के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं स्थानीय लोगों ने सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।

