
Nasha Mukti Abhiyan : सिद्धो-कान्हो कृषि एवं वनोपज जिला सहकारी संघ लिमिटेड की आमसभा में उपायुक्त सह संघ अध्यक्ष मंजूनाथ भजन्त्री ने नशा मुक्ति अभियान और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया। मोरहाबादी स्थित आर्यभट्ट सभागार में आयोजित बैठक में जिले की सहकारी संस्थाओं, किसानों और वनोपज संग्राहकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने वर्ष 2025-26 में बेहतर प्रदर्शन करने वाले मल्टी परपज को-ऑपरेटिव सोसाइटी (MPCS) और लैम्प्स प्रतिनिधियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि सहकारी संस्थाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में अहम भूमिका निभा रही हैं और उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिनिधि दूसरों के लिए प्रेरणा बनते हैं।
अपने संबोधन में उपायुक्त ने कृषि और वनोपज उत्पादकों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने, सहकारी संस्थाओं को सशक्त बनाने तथा किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में प्रशासन की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने सहकारिता क्षेत्र में डिजिटलीकरण, पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने पर भी विशेष बल दिया।
बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सभी सदस्यों से अपील की कि वे अपने क्षेत्रों में योग्य मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए लोगों को जागरूक करें। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित नहीं रहना चाहिए।
नशा मुक्ति अभियान को लेकर भी उपायुक्त ने गंभीर चिंता जताई और कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। उन्होंने सहकारी संस्थाओं के पदाधिकारियों और सदस्यों से नशे के खिलाफ जनजागरण अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। साथ ही अवैध अफीम की खेती की जानकारी प्रशासन को देने का आग्रह करते हुए कहा कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में वर्ष 2025-26 के बजट, वार्षिक योजनाओं, किसानों एवं वनोपज संग्राहकों को बेहतर मूल्य दिलाने की रणनीति तथा सहकारी संस्थाओं को मजबूत बनाने से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त संजय भगत, डीएफओ श्रीकांत वर्मा, जिला सहकारिता पदाधिकारी रविंद्र दास, जिला कृषि पदाधिकारी रामशंकर सिंह समेत कई अधिकारी और प्रतिनिधि मौजूद रहे।

