
Tupudana Murder Case : तुपुदाना ओपी क्षेत्र में महिला रेखा देवी की हत्या मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए एक महिला सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार यह मामला केवल हत्या का नहीं, बल्कि अपहरण, दुष्कर्म और सुनियोजित साजिश का है।
गिरफ्तार आरोपियों में कृष्णा दास गोस्वामी, रमेश उरांव, लखन उरांव और संध्या देवी शामिल हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि रेखा देवी की हत्या के लिए मुख्य साजिशकर्ता संध्या देवी ने 50 हजार रुपये की सुपारी दी थी। मामले के खुलासे के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो देशी कट्टा, एक पिस्टल, नौ जिंदा कारतूस और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
गौरतलब है कि 21 जून की सुबह सीरी पहाड़ी के समीप सड़क किनारे रेखा देवी का शव बरामद हुआ था। मामले की गंभीरता को देखते हुए हटिया डीएसपी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया था।
जांच में पता चला कि रेखा देवी का पहले अपहरण किया गया, फिर उसके साथ दुष्कर्म किया गया और बाद में हत्या कर शव को सुनसान इलाके में फेंक दिया गया। वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपियों ने एक कार का इस्तेमाल किया था, जिस पर फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई थी।
पुलिस के अनुसार, मृतका के पति संतोष भुईंया और संध्या देवी के बीच अवैध संबंध थे। इसी वजह से संध्या और रेखा देवी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। विवाद बढ़ने के बाद संध्या देवी ने अपने भाई और अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर रेखा की हत्या की साजिश रची।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने पहले रेखा देवी से दोस्ती बढ़ाई और विश्वास हासिल किया। इसके बाद योजनाबद्ध तरीके से उसका अपहरण कर वारदात को अंजाम दिया गया। फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।

