
जमशेदपुर : बिष्टुपुर स्थित डबल डाउन बार के बाहर हुए चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड में पुलिस ने फरार मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा की गिरफ्तारी के लिए बड़ा कदम उठाया है। पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने घोषणा की है कि जो भी व्यक्ति आरोपी की गिरफ्तारी में मदद करेगा या उसकी सही जानकारी देगा, उसे 2 लाख रुपये नकद इनाम दिया जाएगा। उधर सरकार और जिला प्रशासन से बातचीत के बाद मृतक के परिजनों ने अंतिम संस्कार के लिए सहमति दे दी।
मुख्य आरोपी पर 2 लाख रुपये का इनाम घोषित
इधर आरोपी विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने तलाश तेज कर दी गई है। कई जगहों पर छापेमारी चल रही है। बिष्टुपुर थाना में कांड संख्या 84/2026 दर्ज है। साथ ही BNS की गंभीर धाराओं के तहत मामला चल रहा है।
परिवार की चार मांगों पर बनी सहमति
बुधवार को सरकार और जिला प्रशासन के साथ लंबी बातचीत के बाद पीड़ित परिवार ने अंतिम संस्कार के लिए हामी भरी। प्रशासन ने उनकी चार प्रमुख मांगों पर लिखित आश्वासन दिया, जिसमें-घटना के दौरान कथित लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या (IPC 302) के तहत कार्रवाई की अनुशंसा। मृतक हिमांशु सिंह की पत्नी को सरकारी नौकरी देने का प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजना। मामले में स्पीडी ट्रायल चलाकर दोषियों को सख्त सजा दिलाने की कोशिश। सभी फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करना शामिल है।
ढाई दिन बाद हुआ अंतिम संस्कार
करीब ढाई दिन तक शव न उठाने पर अड़े परिजनों और प्रशासन के बीच कई दौर की बातचीत हुई। इस दौरान कोल्हान डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा, सरायकेला-खरसावां डीसी नीतीश कुमार सिंह, ढालभूम एसडीएम अर्नव मिश्रा, सिटी एसपी ललित मोहन मीणा और ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। लिखित आश्वासन मिलने के बाद परिजन शव को आदित्यपुर स्थित अपने आवास ले गए, जहां अंतिम दर्शन के बाद बिष्टुपुर के पार्वती घाट पर अंतिम संस्कार किया गया।
सरायकेला-खरसावां का रहने वाला है आरोपी
पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र के धातकीडीह गांव का रहने वाला है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
सूचना देने वालों की पहचान रहेगी गोपनीय
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर किसी को आरोपी के बारे में कोई भी जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। जानकारी देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

