

Cricket Tournament : महुआडांड़ खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर तक मंच प्रदान करने और ग्रामीण युवाओं को नशे व नकारात्मकता से दूर कर सकारात्मक दिशा देने के उद्देश्य से आयोजित स्व. हाजी रियाजउद्दीन अहमद मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य समापन रविवार को स्थानीय आवासीय विद्यालय मैदान में उत्साह, जोश और खेल भावना के बीच संपन्न हुआ।





टूर्नामेंट का आयोजन झारखंड प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि इफ्तखार अहमद की अध्यक्षता में किया गया। समापन के दिन मैदान में हजारों की संख्या में खेल प्रेमी, युवा और ग्रामीण उपस्थित रहे। पूरे टूर्नामेंट में क्षेत्र की 16 टीमों ने भाग लिया।
रोमांचक फाइनल में क्लाम स्पोर्ट्स क्लब ने मारी बाजी
टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला क्लाम स्पोर्ट्स क्लबऔर मायापुर क्रिकेट टीम के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मायापुर की टीम ने निर्धारित ओवरों में 81 रन का लक्ष्य रखा।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी क्लाम स्पोर्ट्स क्लब की शुरुआत अच्छी नहीं रही, लेकिन मध्यक्रम के बल्लेबाजों और गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से टीम ने अंतिम ओवर की अंतिम गेंद तक चले रोमांचक मुकाबले में जीत दर्ज की और चैंपियनशिप ट्रॉफी अपने नाम की। पूरे मैच के दौरान दर्शकों ने जमकर तालियां बजाकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
मुख्य अतिथि ने किया पुरस्कार वितरण
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड विधानसभा के सभापति सह मनिका विधायक रामचंद्र सिंह शामिल हुए। विशिष्ट अतिथि के रूप में महुआडांड़ अनुमंडल पदाधिकारी सुलेमान मुंडारी उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि ने विजेता क्लाम स्पोर्ट्स क्लब को 31 हजार रुपये नकद एवं भव्य ट्रॉफी प्रदान की। वहीं उपविजेता मायापुर टीम को अनुमंडल पदाधिकारी ने 21 हजार रुपये नकद एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। इसके अलावा मैन ऑफ द मैच, बेस्ट बैट्समैन, बेस्ट बॉलर और उभरते खिलाड़ी को भी अतिथियों द्वारा पुरस्कृत किया गया।
ग्रामीण प्रतिभाओं को मिले अवसर” – विधायक
अपने संबोधन में विधायक रामचंद्र सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। उन्हें सिर्फ सही मंच, संसाधन और प्रोत्साहन चाहिए। स्व. हाजी रियाजउद्दीन अहमद जी के नाम पर हो रहा यह टूर्नामेंट युवाओं को खेल से जोड़ने का सराहनीय प्रयास है। सरकार भी ग्रामीण खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।
खेल शारीरिक विकास में अहम योगदान :एसडीओ
अनुमंडल पदाधिकारी सुलेमान मुंडारी ने कहा कि इस तरह के आयोजन सामाजिक समरसता, भाईचारे और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ाते हैं और खेल से शारीरिक विकास होता है युवाओं को खेलों से जुड़ना चाहिए
आयोजकों और अतिथियों का सम्मान
कार्यक्रम का सफल संचालन आदिवासी कांग्रेस जिला अध्यक्ष अजीत पाल कुजूर ने किया। एंकरिंग की जिम्मेदारी लकी सरऔर पत्रकार तनवीर अहमद ने निभाई। आयोजन समिति की ओर से मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि एवं सभी गणमान्य लोगों को अंगवस्त्र ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर इफ्तिखार अहमद, रामनरेश ठाकुर, कांता एक्का, निर्मला कुजूर, अजय प्रसाद, अभय मिंज, आमिर सुहैल, नुरुल हसन अंसारी, सुषमा कुजूर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और खेल प्रेमी मौजूद थे आयोजन समिति अध्यक्ष पप्पू खान , सचिव सद्दाम खान ,स्पोर्ट्स प्रभारी शहीद अख्तर , कोषाध्यक्ष जुनैद अंसारी सोशल मीडिया चेयरमैन: राजेश ठाकुर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि ,ग्रामीण और खेल प्रेमी मौजूद थे।अंत में समिति ने सभी खिलाड़ियों, सहयोगियों, प्रायोजकों और दर्शकों के प्रति आभार व्यक्त किया। पूरे दिन मैदान में खेल और उत्सव का माहौल बना रहा।
