तमाड़ में ब्राउन शुगर का बड़ा खेल बेनकाब, पुलिस ने दबोचे दो तस्कर

तमाड़ में पुलिस ने ब्राउन शुगर तस्करी का पर्दाफाश करते हुए 15 ग्राम नशीला पदार्थ, ₹1.70 लाख नकद और अन्य सामान के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Drug Peddlers Arrested : रांची पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तमाड़ थाना क्षेत्र से ब्राउन शुगर की तस्करी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से 15 ग्राम ब्राउन शुगर, 1 लाख 70 हजार रुपये नकद, दो इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि तमाड़ के बंगाली टोला इलाके में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर ग्रामीण एसपी और बुंडू एसडीपीओ के नेतृत्व में छापेमारी टीम का गठन किया गया।

छापेमारी के दौरान पुलिस को देखकर एक युवक भागने लगा, लेकिन जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम आशिफ खान बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से करीब 3 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। पूछताछ में उसने बताया कि उसने यह नशीला पदार्थ राजा शिव दत्ता मलिक उर्फ राजा से खरीदा था।

आशिफ की निशानदेही पर पुलिस ने राजा शिव दत्ता मलिक के घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान वहां से 12 ग्राम ब्राउन शुगर, दो इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन, एक मोबाइल फोन और 1.70 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस के पूछने पर आरोपी नकदी और नशीले पदार्थ के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।

गिरफ्तार आरोपियों में 29 वर्षीय राजा शिव दत्ता मलिक, जो तमाड़ के बंगाली टोला का रहने वाला है, और 24 वर्षीय आशिफ खान, जो मूल रूप से हटिया (जगन्नाथपुर) का निवासी है और फिलहाल बुंडू में रह रहा था, शामिल हैं।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। मामले में यह भी जांच की जा रही है कि इस तस्करी नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।