
लातेहार: महुआडांड़ स्थित जामिया नूरिया जियाउल इस्लाम जामा मस्जिद अंजुमन कमेटी के सदर, सेक्रेटरी और खजांची पद के लिए चुनाव शुक्रवार को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। चुनाव को लेकर मतदाताओं में जबरदस्त उत्साह देखा गया।
472 मतदाताओं ने किया मतदान
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मदरसा परिसर में मतदान सुबह 7:30 से दोपहर 12:00 बजे तक और दोपहर 2:00 से शाम 5:00 बजे तक कराया गया। चुनाव समिति के अनुसार कुल 650 मतदाताओं में से 472 मतदाताओं ने वोट डाले। इस तरह लगभग 72% मतदान दर्ज किया गया। मतगणना के बाद रात 9:00 बजे परिणाम की घोषणा की गई।
सेक्रेटरी पद पर अब्दुल मतीन जीते
सदर पद के लिए पहले तीन प्रत्याशियों ने नामांकन किया था। नाम वापसी के बाद रेहान अली, पिता रहमत अली, महुआडांड़ को निर्विरोध सदर घोषित किया गया। सेक्रेटरी पद के लिए इस्तियाक अहमद, पिता स्व. मसीर अहमद, अम्बवाटोली और अब्दुल मतीन उर्फ गुड्डू, जरहाटोली के बीच सीधा मुकाबला हुआ। कुल 472 मतों में से 12 मत अमान्य हुए। मतगणना में इस्तियाक अहमद को 144 वोट और अब्दुल मतीन को 316 वोट मिले। इस प्रकार 172 वोटों के बड़े अंतर से अब्दुल मतीन (गुड्डू) विजयी घोषित हुए। खजांची पद के लिए खुर्शीद आलम, पिता स्व. मो. शमशुद्दीन, डीपाटोली और सुहेल अख्तर, पिता स्व. मो. इब्राल, डीपाटोली आमने-सामने थे। इस पद पर भी 472 मत पड़े, जिनमें 10 मत अमान्य हुए। खुर्शीद आलम को 125 वोट और सुहेल अख्तर को 337 वोट मिले। 212 मतों के अंतर से सुहेल अख्तर खजांची निर्वाचित हुए।
परिणाम घोषित होते ही विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और बधाई देकर जश्न मनाया।चुनाव को सफल बनाने में चुनाव समिति के सदस्य खुर्शीद अहमद, सफरुल खान, असलम खलीफा, सबीब खान, कमाल अहमद, खुर्शीद खान और शहीद खान की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समिति ने सभी मतदाताओं और स्थानीय लोगों का सहयोग के लिए आभार जताया।पूरे चुनाव के दौरान आपसी भाईचारा और अनुशासन की मिसाल देखने को मिली।

