
Ramgarh News : रामगढ़ पुलिस ने बाइक चोरी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की सात मोटरसाइकिल बरामद की हैं। तीनों आरोपियों को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई की जानकारी मंगलवार को पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने प्रेस वार्ता में दी। उन्होंने बताया कि जिले में बढ़ रही संपत्ति संबंधी अपराधों पर लगाम लगाने और लंबित मामलों के खुलासे के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर रामगढ़ के पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
टीम ने अलग-अलग स्थानों पर वाहन जांच और छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान मो. नजरूल अंसारी और मो. निसार अंसारी, दोनों निवासी कुन्दरूकला, को दो संदिग्ध मोटरसाइकिलों के साथ पकड़ा गया। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि बाइक चोरी की हैं। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने पांच और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर ली।
जांच के दौरान गिरोह के एक अन्य सदस्य रंजीत महतो को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी मो. नजरूल अंसारी का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ रामगढ़ थाना में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। बरामद मोटरसाइकिलों में बिना नंबर की पैशन प्रो, पल्सर और अन्य बाइक के अलावा Honda Shine, Hero Passion Pro और Discover जैसी गाड़ियां शामिल हैं।
इस पूरी कार्रवाई में मुख्यालय डीएसपी मोहम्मद अकरम रजा, रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडेय, पुलिस निरीक्षक रजत कुमार समेत कई पुलिसकर्मी शामिल रहे।

