
रांची: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के विरोध में शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने रांची के अल्बर्ट एक्का चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया।
इस दौरान आक्रोशित भाजपाइयों ने राहुल गांधी का पुतला दहन कर उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन में शामिल नेताओं ने राहुल गांधी पर छात्रों के मुद्दों की आड़ में राजनीति करने और संसद की गरिमा व लोकतांत्रिक मर्यादाओं का उल्लंघन करने का गंभीर आरोप लगाया।
भाजपा नेताओं का कहना था कि कांग्रेस शासनकाल के दौरान पेपर लीक की कई घटनाएं हुईं, लेकिन तब किसी भी जिम्मेदार पर कार्रवाई नहीं की गई। इसके विपरीत, वर्तमान केंद्र सरकार पेपर लीक के मामलों में दोषियों के खिलाफ त्वरित और सख्त कदम उठा रही है।
प्रदर्शनकारियों ने झारखंड सरकार को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने राज्य में आयोजित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में हुई कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच सीबीआई से कराने की मांग की।
भाजपा नेताओं ने कहा कि यदि राज्य सरकार दोषियों को बचाना नहीं चाहती, तो उसे सीबीआई जांच से परहेज नहीं करना चाहिए। पार्टी ने स्पष्ट किया कि छात्रों को न्याय मिलने तक भाजपा उनके साथ खड़ी रहेगी।
मामले में रांची की महापौर रोशनी खलखो और रांची महानगर अध्यक्ष वरुण साहू ने भी अपना पक्ष रखते हुए राज्य सरकार और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला।

