रांची: रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट रांची और मंडलीय ‘नन्हे फरिश्ते’ टीम ने रांची रेलवे स्टेशन पर संयुक्त रूप से ‘ऑपरेशन जन जागरण’ के तहत व्यापक जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान यात्रियों, अभिभावकों और आम नागरिकों को सुरक्षित रेल यात्रा तथा रेलवे नियमों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।

अभियान के दौरान आरपीएफ अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे अपने बच्चों को रेलवे ट्रैक के आसपास न खेलने दें और न ही ट्रैक पर पत्थर, सिक्के या अन्य चीजें रखने दें।
इसके अलावा चलती ट्रेनों पर पथराव रोकने, अनाधिकृत रूप से अलार्म चेन न खींचने, फुटबोर्ड यात्रा से बचने, ट्रैक पर सेल्फी न लेने और अज्ञात लोगों से खाने-पीने की चीजें न स्वीकारने के प्रति आगाह किया गया। यात्रियों को मानव तस्करी से सतर्क रहने, समपार फाटकों पर यातायात नियमों का पालन करने और किसी भी आपात स्थिति में रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 का उपयोग करने की सलाह दी गई।
इसके साथ ही आरपीएफ रांची ने ‘ऑपरेशन अमानत’ के जरिए अपनी ईमानदारी और तत्परता की मिसाल पेश की।
टीम ने विभिन्न ट्रेनों और स्टेशन परिसर से बरामद कुल ₹16,499 मूल्य का खोया हुआ सामान उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंपा। इनमें ट्रेन संख्या 13404 से बरामद लगभग 13,999 की कलाई घड़ी, ट्रेन संख्या 12878 में छूटा ₹1,000 मूल्य का प्रोजेक्ट वर्क और स्टेशन परिसर से मिला 1,500 का लावा मोबाइल फोन शामिल है।
सभी जरूरी कानूनी औपचारिकताएं और सत्यापन करने के बाद सामान यात्रियों को सुपुर्द किया गया, जिस पर लाभार्थियों ने आरपीएफ के प्रति आभार जताया।


