सीएम आवास घेराव को निकले एबीवीपी कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोका, हुई झड़प

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की परीक्षा में कथित अनियमितताओं के विरोध में छात्रों का आंदोलन लगातार जारी है। शनिवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने के लिए आगे बढ़े। हालांकि, पुलिस ने मुख्यमंत्री आवास से पहले ही बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।

एबीवीपी कार्यकर्ता बड़ी संख्या में एकजुट होकर मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ रहे थे। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर रखी थी। मुख्यमंत्री आवास की ओर जाने वाले मार्ग पर कई स्तरों पर बैरिकेडिंग की गई थी। जैसे ही प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग के पास पहुंचे और उन्होंने आगे बढ़ने का प्रयास किया। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कुछ देर के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई।

कई को पुलिस ने हिरासत में लिया
प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कई एबीवीपी कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। मौके पर जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। प्रदर्शनकारियों की संख्या को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और बढ़ाई गई है। पुलिस लगातार प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने और मुख्यमंत्री आवास की ओर जाने से रोकने का प्रयास करती रही। प्रदर्शन कर रहे छात्रों की प्रमुख मांग जेपीएससी परीक्षा को रद्द करने की है। छात्रों का आरोप है कि परीक्षा प्रक्रिया में कथित तौर पर अनियमितताएं हुई हैं। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सरकार और संबंधित आयोग को स्पष्ट निर्णय लेना चाहिए।

 

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सनमार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।