महुआडांड़: संत जेवियर कॉलेज, महुआडांड़ में नवागंतुक विद्यार्थियों के स्वागत के लिए फ्रेशर्स डे समारोह उत्साह और उमंग के साथ संपन्न हुआ। समारोह में विद्यार्थियों ने नृत्य, संगीत, रैंप वॉक एवं विभिन्न मनोरंजक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मिस्टर एवं मिस फ्रेशर्स का चयन रहा, जिसमें कुणाल मिंज को मिस्टर फ्रेशर्स तथा शालिनी कुमारी को मिस फ्रेशर्स चुना गया।
इस अवसर पर कॉलेज के प्राचार्य फादर एम. के. जोश ने नवागंतुक विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा, “कॉलेज जीवन केवल डिग्री हासिल करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह व्यक्तित्व निर्माण, प्रतिभा विकास और जीवन-मूल्यों को आत्मसात करने का महत्वपूर्ण अवसर है।” उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, परिश्रम और सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपनी प्रतिभा को पहचानें, निरंतर सीखें और अपने ज्ञान एवं उपलब्धियों से महाविद्यालय का नाम रोशन करें।
प्रो. शेफाली प्रकाश ने कहा कि फ्रेशर्स डे नए विद्यार्थियों के लिए कॉलेज परिवार से जुड़ने और अपनी प्रतिभा को सामने लाने की एक खूबसूरत शुरुआत है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी के भीतर कोई न कोई विशेष प्रतिभा अवश्य होती है। आवश्यकता है कि विद्यार्थी आत्मविश्वास के साथ अपनी प्रतिभा को पहचानें, उसे निखारें और सही दिशा में आगे बढ़ें।
उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा, “कॉलेज जीवन की शुरुआत केवल नए दोस्तों से नहीं, बल्कि नए सपनों और नई जिम्मेदारियों से होती है। सीखते रहें, आगे बढ़ते रहें और अपनी सफलता के साथ अपने संस्थान का नाम भी रोशन करें।”
इस अवसर पर फा. लियो, फा. राजीप, सिस्टर चन्द्रोदया, प्रो. मनीषा, प्रो. बंसती, प्रो. अंकिता, प्रो. आदिति, प्रो. रेचेल, प्रो. सुष्मिता, प्रो. सुकुट, प्रो. रोनित, प्रो. शशि, प्रो. मन्नू, प्रो. जामेश एवं प्रो. मोनिका सहित महाविद्यालय के शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी अनोरा दीदी, सुनीता दीदी, क्रिस्टीना दीदी, प्रेमा, सरोज, नीलम, अशोक, सुचित, जयप्रकाश एवं संतोष की गरिमामयी उपस्थिति रही।
समारोह ने नवागंतुक विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अपनापन और नई ऊर्जा का संचार किया। फ्रेशर्स डे ने विद्यार्थियों को कॉलेज परिवार से जुड़ने, अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और नए शैक्षणिक जीवन की सकारात्मक शुरुआत करने का अवसर प्रदान किया। समारोह का माहौल पूरे समय उत्साह और उल्लास से भरा रहा तथा यह दिन नवागंतुक विद्यार्थियों के लिए कॉलेज जीवन की एक यादगार शुरुआत बन गया।


