रांची: शहर के जलस्रोतों को नया जीवन देने और सरकारी भूमि का जनोपयोगी उपयोग सुनिश्चित करने के लिए रांची नगर निगम ने बड़ी पहल शुरू की है। बुधवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने निगम टीम के साथ धुर्वा, जगन्नाथपुर और बांधगाड़ी क्षेत्रों का सघन निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि तालाबों व सरकारी जमीन को केवल खाली स्थान के रूप में नहीं, बल्कि जल संरक्षण, हरियाली और सार्वजनिक सुविधाओं के रूप में विकसित किया जाए।
धुर्वा बस स्टैंड स्थित आश्रय गृह का सौंदर्यीकरण, रंग-रोगन व आवश्यक सिविल कार्य किए जाएंगे। आश्रय गृह के पीछे स्थित तालाब के जीर्णोद्धार के लिए बाउंड्री वॉल, पेवर ब्लॉक और वॉक-वे बनाए जाएंगे।
जगन्नाथपुर (वार्ड संख्या 37) के न्यू कॉलोनी स्थित दो तालाबों के आसपास लैंडस्केपिंग, प्लांटेशन, पार्किंग और ‘नाइट मार्केट’ जैसी सुविधाएं विकसित करने की योजना है। तालाबों व आसपास की सरकारी भूमि पर हुए अतिक्रमण को चिन्हित कर नियमानुसार हटाने का सख्त निर्देश जारी किया गया है।
वहीं बांधगाड़ी वार्ड संख्या 06 में चिन्हित 2.02 एकड़ भूमि पर सामुदायिक भवन, वार्ड कार्यालय और नए तालाब निर्माण की योजना है।
क्षेत्र में हाई मास्ट लाइट लगाने और बुनियादी नागरिक सुविधाओं को बेहतर करने के निर्देश दिए गए हैं।


