
कोलकाता: कोलकाता में आरजी कर अस्पताल दुष्कर्म-हत्या मामले में पीड़िता के शव का “जल्दबाजी में अंतिम संस्कार” करने की कथित साजिश के सिलसिले में एक और व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान पीड़िता के पड़ोसी संजीव मुखर्जी के रूप में हुई है, उसे बृहस्पतिवार देर रात कोलकाता के चिनार पार्क इलाके के एक घर से गिरफ्तार किया गया।

अधिकारी ने बताया कि वह फरार था। बृहस्पतिवार को ओडिशा में तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक निर्मल घोष को पकड़े जाने के कुछ घंटे बाद मुखर्जी को गिरफ्तार किया गया। मुखर्जी को उत्तर 24 परगना जिले की बैरकपुर अदालत में पेश किया जा सकता है। अधिकारी ने बताया कि एक अन्य आरोपी, पानीहाटी नगरपालिका का तृणमूल कांग्रेस पार्षद सोमनाथ डे अब भी लापता है। कुछ दिन पहले घटना की दूसरी बरसी के मौके पर आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा था कि शव का जल्दबाजी में अंतिम संस्कार करके सबूत नष्ट करने के मामले में जिन लोगों की तलाश है, उन सभी को गिरफ्तार किया जाएगा। चिकित्सक के साथ अगस्त 2024 में अस्पताल में दुष्कर्म किया गया और हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद पूरे राज्य और देश में बड़े पैमाने पर प्रदर्शन हुए थे।



