मुंबई : महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को कहा कि विपक्ष परिसीमन का विरोध करने को लेकर बहुत देर कर चुका है और लोकसभा एवं राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण 2029 में लागू किया जाएगा। वह चेन्नई में द्रमुक नेताओं और मुंबई में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार के साथ कांग्रेस नेताओं, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे, की प्रस्तावित बैठकों का जिक्र कर रहे थे। ये बैठकें परिसीमन विधेयक को रोकने के लिए विपक्ष की कोशिशों का हिस्सा हैं।

केंद्र सरकार 30 नवंबर को लोकसभा में एक नया संविधान संशोधन विधेयक पेश करने वाली है, जिसके तहत निचले सदन में सीटों की संख्या और राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों की विधानसभा की कुल सीटों में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी करके महिलाओं को एक-तिहाई आरक्षण देने की योजना है। साथ ही, सीटों के नए बंटवारे और निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं को 2051 तक स्थिर रखने का प्रस्ताव है।
फडणवीस ने यहां पत्रकारों से कहा, “अब बहुत देर हो चुकी है। परिसीमन का विरोध करने वाले लोग चेन्नई या मुंबई जा सकते हैं, लेकिन अब समय निकल चुका है। महिलाओं का आरक्षण अब नहीं रोका जा सकता। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपना मन बना लिया है। लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा और इसे 2029 में लागू किया जाएगा।’’


