

रांची : जवाहर विद्या मंदिर, श्यामली का प्रांगण शनिवार को अभूतपूर्व उत्साह, ओजस्वी राष्ट्रभक्ति और गौरवमयी पल का साक्षी बना, जहां 80वां स्वतंत्रता दिवस बड़े ही धूमधाम से संपन्न हुआ।





आसमान से टपकती रिमझिम फुहारों के बीच जब सैकड़ों विद्यार्थियों ने एक स्वर में भारत माँ के जयकारे लगाए, तो पूरा माहौल देशभक्ति के रंगों से सराबोर हो उठा।
कार्यक्रम की शुरुआत एक भव्य ध्वजारोहण समारोह के साथ हुई। विद्यालय प्रबंध समिति की उपाध्यक्ष मणि मेखला दास गुप्ता, प्राचार्य बी. एन. झा, तथा प्रबंध समिति के सम्मानित सदस्य अभय कुमार और मीनाक्षी मालवीय ने संयुक्त रूप से तिरंगा फहराकर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इसके तुरंत बाद अनुशासन की मिसाल पेश करते हुए लगभग 200 जांबाज कैडेट्स और छात्र प्रतिनिधियों ने परेड कर तिरंगे को नमन किया।
परेड की कमान 19वें झारखंड बटालियन की श्रेया सिन्हा, रुद्र प्रताप सिंह, NSS लीडर दीपिका भूषण, आयुष आर. भारद्वाज, दिव्यांशी और स्कूल कैप्टन आयुष आनंद ने संभाली।
समारोह में कौस्तुभ कौशिक के नेतृत्व में स्कूल बैंड की देशभक्ति धुनों और गायन मंडली के ‘भारत माँ की संतानें’ गीत ने उपस्थित जनसमूह में नया जोश भर दिया।
सभा को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्रीमती मणि मेखला दास गुप्ता ने स्वामी विवेकानंद के विचारों को याद करते हुए कहा कि शिक्षा वही है जो चरित्र का निर्माण करे, और आजादी अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी बोध कराती है।
वहीं प्राचार्य श्री बी. एन. झा ने विद्यार्थियों के अटूट उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि विपरीत मौसम भी छात्रों के देशभक्ति के जज्बे को डिगा नहीं सकता। उन्होंने युवाओं को कड़ी मेहनत, अनुशासन और नैतिक मूल्यों के बल पर देश को विश्वपटल पर नई ऊँचाइयों तक ले जाने का आह्वान किया।
अनमोल सिन्हा के कुशल मंच संचालन में आयोजित इस समारोह में उप-प्राचार्या अनुपमा श्रीवास्तव, छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष एल. एन. पटनायक, प्रभाग प्रभारी अमींदर कौर सलूजा, शीलेश्वर झा ‘सुशील’, दीपक कुमार सिन्हा, श्रीमती ममता दास, सुष्मिता मिश्रा और डॉ. मोती प्रसाद सहित पूरा विद्यालय परिवार मौजूद रहा।
