कोडरमा में बैंक लूट की साजिश नाकाम, पुलिस मुठभेड़ के बाद चार बदमाश गिरफ्तार

कोडरमा में बैंक लूट की साजिश पुलिस ने नाकाम कर दी। मुठभेड़ के बाद चार बदमाश गिरफ्तार हुए, हथियार और कारतूस बरामद किए गए, जबकि पुलिस जांच जारी है।

Razi Ahmad
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

कोडरमा: कोडरमा पुलिस ने बैंक लूट की बड़ी साजिश को नाकाम करते हुए चार हथियारबंद बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी बैंक ऑफ महाराष्ट्र की कोडरमा शाखा में लूट की वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। कार्रवाई के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी।

पुलिस को सोमवार देर रात सूचना मिली थी कि तिलैया थाना क्षेत्र के इंदरवा बस्ती से झरनाकुंड जाने वाले रास्ते में सुनसान स्थान पर कुछ अपराधी बैंक लूट की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर एसपी द्वारा गठित विशेष टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू की।

पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में एक घायल

पुलिस को देखते ही बदमाशों ने कथित तौर पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक अपराधी के पैर में गोली लगी। घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जबकि पुलिस ने मौके से तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।

तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन पिस्टल, 15 जिंदा कारतूस और पांच मैगजीन बरामद की हैं। कार्रवाई के दौरान तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार समेत कुछ पुलिसकर्मियों को भी मामूली चोटें आई हैं।

बैंक की पहले की गई थी रेकी

कोडरमा एसपी कुमार शिवाशिष के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच में बैंक ऑफ महाराष्ट्र की कोडरमा शाखा की रेकी से जुड़े कई वीडियो मिले हैं। पुलिस का दावा है कि इन वीडियो से बैंक लूट की कथित साजिश के संबंध में अहम सुराग मिले हैं।

बिहार के रहने वाले हैं आरोपी

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार चारों आरोपी बिहार के सिवान और वैशाली जिले के रहने वाले हैं। पूछताछ में इनके पीछे जेल में बंद कुख्यात अपराधी निरंतर सिंह के निर्देश की बात सामने आई है। पुलिस अब निरंतर सिंह को भी रिमांड पर लेकर पूछताछ करने की तैयारी में है।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले से ही आर्म्स एक्ट और बैंक लूट से जुड़े मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क और साजिश में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।