

रांची: नशीले पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ रांची पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। रातू थाना क्षेत्र में छापेमारी कर पुलिस ने प्रतिबंधित कफ सिरप की 570 बोतल बरामद की है। इस मामले में तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया है।





गुप्त सूचना पर पुलिस ने की छापेमारी
पुलिस के मुताबिक, रांची एसएसपी को सूचना मिली थी कि रातू थाना क्षेत्र के रिंग रोड स्थित हाजी चौक के आसपास प्रतिबंधित कफ सिरप की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना मिलने के बाद ग्रामीण एसपी के निर्देशन में डीएसपी अजय आर्यन के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
इसके बाद पुलिस टीम ने फुटकल टोली, बोस नगर स्थित केयरिंग हैंड्स हॉस्पिटल के पास एक सुनसान स्थान पर छापेमारी की। यहां तीन संदिग्ध युवक पांच कार्टून में रखे कफ सिरप की डिलीवरी के लिए इंतजार करते मिले।
570 बोतल कफ सिरप बरामद
पुलिस ने मौके से 100 एमएल की 570 बोतल (WINGS ONEREX CODINE COUGH SYRUP) बरामद की। पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वहाजुल अंसारी, शहनवाज अंसारी और नईम अंसारी के रूप में हुई है। पूछताछ में पुलिस को पता चला कि आरोपी कथित तौर पर रांची के अलग-अलग इलाकों में कफ सिरप को ऊंची कीमत पर बेचते थे।
पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
इस मामले में रातू थाना में कांड संख्या 279/26 दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि प्रतिबंधित कफ सिरप की खेप कहां से लाई गई थी और इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो काम नहीं कर रहा था।
