पटना में दो जगह छात्रों का प्रदर्शन हिंसक, SDPO समेत कई पुलिसकर्मी घायल

पटना में दो जगह छात्र प्रदर्शन हिंसक हुआ, डाकबंगला और आर्यभट्ट यूनिवर्सिटी के पास पुलिस से झड़प में SDPO समेत कई पुलिसकर्मी घायल, हालात नियंत्रित करने को लाठीचार्ज हुआ।

Razi Ahmad
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

पटना: राजधानी पटना में मंगलवार को छात्र आंदोलनों के दौरान दो अलग-अलग जगहों पर स्थिति बिगड़ गई। डाकबंगला चौराहा और आर्यभट्ट नॉलेज यूनिवर्सिटी के पास प्रदर्शन कर रहे छात्रों और पुलिस के बीच झड़प हुई। दोनों घटनाओं में SDPO समेत आधा दर्जन से अधिक पुलिसकर्मियों के घायल होने की सूचना है।

पहली घटना डाकबंगला चौराहे पर हुई, जहां BPSC शिक्षक भर्ती से जुड़ी मांगों को लेकर छात्र प्रदर्शन कर रहे थे। प्रदर्शन के दौरान स्थिति अचानक बिगड़ गई और पुलिस तथा छात्रों के बीच झड़प हो गई।

SDPO पर बांस से हमला

हंगामे के दौरान प्रदर्शनकारियों की ओर से SDPO पर कथित तौर पर बांस से हमला किया गया, जिसमें पुलिस अधिकारी घायल हो गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया और पानी की बौछार भी की।

पुलिस के हल्के बल प्रयोग के दौरान कुछ छात्रों के घायल होने की बात सामने आई है। प्रदर्शन के बीच दो छात्राओं के बेहोश होने की भी सूचना है।

आर्यभट्ट यूनिवर्सिटी के पास भी भिड़े छात्र-पुलिस

दूसरी घटना आर्यभट्ट नॉलेज यूनिवर्सिटी के पास हुई। यहां नर्सिंग छात्र रिजल्ट में गड़बड़ी समेत अपनी अन्य मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे।

प्रदर्शन के दौरान छात्रों और पुलिसकर्मियों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। इस घटना में एक थानेदार समेत तीन पुलिसकर्मियों के घायल होने की सूचना है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ प्रदर्शनकारियों ने पुलिसकर्मियों को घेर लिया और उनके साथ मारपीट की। पुलिस पर पथराव और हमला किए जाने की भी बात सामने आई है।

स्थिति संभालने के लिए लाठीचार्ज

दोनों जगहों पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। हंगामे के दौरान कई पुलिसकर्मी घायल हुए। कुछ वीडियो में पुलिसकर्मियों को मौके से पीछे हटते हुए भी देखा गया।

एक ही दिन पटना में छात्र आंदोलनों से जुड़ी दो घटनाओं के हिंसक होने के बाद पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। दोनों स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रित किया गया।

फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। प्रदर्शनकारियों की मांगों और पुलिस कार्रवाई को लेकर दोनों घटनाओं में अलग-अलग दावे सामने आए हैं। पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।