


नयी दिल्ली: उत्तर पूर्वी दिल्ली के खजूरी खास इलाके में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार तड़के एक डंपर से टकराने के बाद 35 वर्षीय ट्रक चालक की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।





पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना सुबह करीब पांच बजे हुई, जिसके बाद खजूरी खास थाने को हादसे की सूचना दी गई।
उन्होंने बताया कि पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और पाया कि मुर्गी ले जा रहा था ट्रक एक डंपर के पीछे से टकरा गया था। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के बाद डंपर चालक मौके से भाग गया।
अधिकारी ने बताया कि पोल्ट्री ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसका चालक अंशुल क्षतिग्रस्त केबिन के अंदर फंस गया।
दिल्ली अग्निशमन सेवा और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की टीम को मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने कहा कि उपकरणों का उपयोग करके टीम ने ट्रक के क्षतिग्रस्त हिस्से को खोला और फंसे हुए चालक को बाहर निकाला।
हरियाणा के जींद जिले के राधना गांव के रहने वाले अंशुल को इलाज के लिए शास्त्री पार्क के जग प्रवेश अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए जीटीबी अस्पताल भेज दिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि कानून की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
