हजारीबाग में मनचलों पर पुलिस का शिकंजा, 117 जगहों पर छापेमारी; 50 हिरासत में

हजारीबाग में मनचलों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। 49 टीमों ने 117 जगहों पर छापेमारी कर 50 लोगों को हिरासत में लिया।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

हजारीबाग: हजारीबाग में मनचलों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस ने शनिवार शाम विशेष अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अमन कुमार के निर्देश पर जिलेभर में एक साथ कार्रवाई की गई। इसके लिए 49 पुलिस टीमों का गठन किया गया, जिन्होंने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में 117 स्थानों पर छापेमारी की।

अभियान के दौरान पुलिस ने 50 मनचलों को हिरासत में लिया। पुलिस की इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों पर छेड़खानी, हुड़दंग और संदिग्ध गतिविधियों पर रोक लगाना और आम लोगों, खासकर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना था।

चौक-चौराहों और संवेदनशील इलाकों में छापेमारी

पुलिस के मुताबिक, अभियान के लिए पहले से रणनीति तैयार की गई थी। इसके तहत अलग-अलग थाना क्षेत्रों में टीमों को तैनात किया गया। पुलिसकर्मियों ने चौक-चौराहों, बाजारों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर देर रात तक जांच और छापेमारी की।

इस दौरान संदिग्ध रूप से घूम रहे लोगों और सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने वालों की जांच की गई। पुलिस की अचानक हुई कार्रवाई से ऐसे लोगों में हड़कंप मच गया।

पूछताछ के बाद पीआर बॉन्ड पर छोड़ा

हिरासत में लिए गए सभी लोगों को संबंधित थानों में ले जाकर पूछताछ की गई। पुलिस ने उनके व्यवहार और गतिविधियों की जानकारी लेने के बाद सभी को कड़ी चेतावनी दी। इसके बाद उन्हें पीआर (पर्सनल रिकॉग्निजेंस) बॉन्ड पर छोड़ दिया गया।

पुलिस ने साफ किया कि सार्वजनिक जगहों पर महिलाओं से छेड़खानी, अशांति फैलाने या संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने लोगों से की अपील

हजारीबाग पुलिस ने कहा कि मनचलों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ इस तरह के विशेष अभियान आगे भी जारी रहेंगे। पुलिस का उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम करना है।

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि अगर कहीं छेड़खानी, हुड़दंग या कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई देती है, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना मिलने पर पुलिस समय रहते कार्रवाई करेगी।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।