Ranchi news: रांची स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में मंगलवार को प्रदेश पदाधिकारियों की मासिक बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने की।
बैठक में संगठन को मजबूत करने और आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। खास तौर पर जिला और मंडल स्तर की कमेटियों को जल्द पूरा करने पर जोर दिया गया।
बैठक में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों पर भी मंथन हुआ। यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित किया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कार्यकर्ताओं से 17 सितंबर को अपने घरों, मंदिरों, प्रतिष्ठानों और पार्टी कार्यालयों में आशीर्वाद का दीया जलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि इसके जरिए प्रधानमंत्री के लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना की जाएगी।
आदित्य साहू ने कहा कि नरेंद्र मोदी पिछले 25 वर्षों से लगातार देश और जनता की सेवा कर रहे हैं। उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री के रूप में लंबे समय तक जिम्मेदारी संभाली है।
वहीं, बैठक से पहले राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा को भाजपा का राष्ट्रीय मंत्री बनाए जाने पर प्रदेश अध्यक्ष ने उन्हें पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र देकर बधाई दी।
बैठक में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, राष्ट्रीय मंत्री प्रदीप वर्मा, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह समेत प्रदेश के कई पदाधिकारी और विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष मौजूद रहे।

