गुवाहाटी: 20 असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने रविवार को धुबरी जिले के चापर में अदाणी पावर लिमिटेड के 48,000 करोड़ रुपये के ताप बिजली संयंत्र की आधारशिला रखी।
अत्याधुनिक तकनीक पर आधारित 3,200 मेगावाट क्षमता का यह ताप बिजली संयंत्र पूर्वोत्तर के किसी भी राज्य में अब तक के सबसे बड़े एकल निवेशों में एक माना जा रहा है।
इस अवसर पर शर्मा ने कहा कि परियोजना के निर्माण चरण से ही रोजगार के व्यापक अवसर पैदा होंगे और बढ़ती आर्थिक गतिविधियों से स्थानीय उद्योगों तथा पूरे कारोबारी परिवेश को मजबूती मिलेगी।
शिलान्यास समारोह में अदाणी समूह के निदेशक जीत अदाणी भी उपस्थित थे।
शर्मा ने कहा कि असम तेजी से इस क्षेत्र के ऊर्जा केंद्र के रूप में उभर रहा है और कई बड़ी ऊर्जा परियोजनाएं कतार में हैं।
उन्होंने जोर देकर कहा कि चापर परियोजना पिछले साल फरवरी में आयोजित ‘एडवांटेज असम निवेशक सम्मेलन 2.0’ से बने सकारात्मक माहौल और निवेशकों के भरोसे का परिणाम है।
मुख्यमंत्री ने कहा, ”लगभग 48,000 करोड़ रुपये के निवेश वाली यह परियोजना असम में अब तक किए गए सबसे बड़े एकल निवेशों में से एक है।”
जीत अदाणी ने असम की भौगोलिक स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि यह राज्य देश के लिए एक ‘बैटरी’ की तरह काम कर सकता है और भारत के भविष्य के विकास को गति दे सकता है।


