श्रीनगर जा रही बस पर पथराव, यात्री और ढाबा कर्मी घायल

हरियाणा के करनाल में श्रीनगर जा रही बस पर पथराव और मारपीट के मामले में पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है, जिस पर सीएम उमर अब्दुल्ला ने कार्रवाई का स्वागत किया है।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

करनाल: हरियाणा के करनाल जिले में विवाद के बाद श्रीनगर (जम्मू-कश्मीर) जा रही एक बस पर पथराव करने के आरोप में दो लोगों को पकड़ा गया है। पुलिस ने रविवार को बताया कि घटना में एक यात्री और एक ढाबा कर्मचारी घायल हो गए।

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने घटना पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनके कार्यालय ने हरियाणा सरकार के समक्ष यह मामला उठाया है।

उमर ने बताया कि हरियाणा सरकार ने कानून के अनुसार त्वरित और सख्त कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया है।

उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘जम्मू-कश्मीर सरकार प्रभावित यात्रियों के साथ खड़ी है और स्थिति पर करीबी नजर रख रही है।’’

पुलिस महानिरीक्षक (करनाल रेंज) अश्विन शेनवी ने बताया कि यह घटना शनिवार रात करीब 11:30 बजे करनाल के ‘डिवाइन स्टार ढाबा’ के पार्किंग क्षेत्र में हुई।

शेनवी के मुताबिक, कुरुक्षेत्र जिले के यूनिसपुर गांव के रहने वाले दो युवक कार से ढाबा पहुंचे। उन्होंने बताया कि दिल्ली से श्रीनगर जा रही बस भी ढाबे की पार्किंग में रुकी थी।

उन्होंने कहा कि कार को मोड़कर आगे बढ़ाने की कोशिश के दौरान युवकों ने बस में टक्कर मार दी, जिसके बाद दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई, जो बाद में हाथापाई में बदल गई।

शेनवी ने बताया कि झगड़े में बस के कुछ यात्री और ढाबे के कर्मचारी भी शामिल हो गए। उन्होंने बताया कि बहस के दौरान दोनों युवकों ने बस पर पत्थर फेंके, जिससे खिड़कियों के शीशे टूट गए और सीट क्षतिग्रस्त हो गईं।

पुलिस महानिरीक्षक के मुताबिक, पथराव के दौरान एक यात्री और एक ढाबा कर्मचारी को चोटें आईं। बस देर रात करीब 1:30 बजे गंतव्य के लिए रवाना हुई।

शेनवी ने बताया कि पुलिस ने घटना के सिलसिले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और पूछताछ के लिए दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।

उन्होंने लोगों से अपील की कि जब तक पुलिस मामले की जांच कर रही है, तब तक वे शांति और सद्भाव बनाए रखें।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।