डेस्क: केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए महंगाई भत्ते (DA) को लेकर बड़ी खबर है। केंद्र सरकार ने DA में 3 फीसदी बढ़ोतरी को मंजूरी दी है। इसके बाद महंगाई भत्ता 60 फीसदी से बढ़कर 63 फीसदी हो जाएगा। इस बढ़ोतरी से 55 लाख से अधिक केंद्रीय कर्मचारियों और करीब 69 लाख पेंशनभोगियों को फायदा होने की बात कही गई है।

जानिए अब हर महीने कितनी बढ़ेगी सैलरी?
महंगाई भत्ते में 3 फीसदी की बढ़ोतरी के बाद कर्मचारियों को उनके मूल वेतन के हिसाब से अतिरिक्त रकम मिलेगी। दिए गए आंकड़ों के अनुसार, अलग-अलग बेसिक पे वाले कर्मचारियों की मासिक सैलरी में होने वाला इजाफा इस प्रकार है:
- 18,000 रुपये बेसिक पे: हर महीने 540 रुपये अतिरिक्त
- 25,000 रुपये बेसिक पे: हर महीने 750 रुपये अतिरिक्त
- 50,000 रुपये बेसिक पे: हर महीने 1,500 रुपये अतिरिक्त
- 1 लाख रुपये बेसिक पे: हर महीने 3,000 रुपये अतिरिक्त
इस हिसाब से कर्मचारियों को हर महीने 540 रुपये से लेकर 3,000 रुपये या उससे अधिक का फायदा हो सकता है। वास्तविक बढ़ोतरी कर्मचारी के मूल वेतन पर निर्भर करेगी।
अभी कितना था केंद्रीय कर्मचारियों का DA?
केंद्रीय कर्मचारियों को इससे पहले मूल वेतन का 60 फीसदी महंगाई भत्ता मिल रहा था। वित्त मंत्रालय की 18 अप्रैल 2026 की विज्ञप्ति के मुताबिक, केंद्रीय कैबिनेट ने उस समय DA में 2 फीसदी बढ़ोतरी को मंजूरी दी थी। यह बढ़ोतरी 1 जनवरी 2026 से प्रभावी हुई थी, जिसके बाद महंगाई भत्ते की दर 58 फीसदी से बढ़कर 60 फीसदी हो गई थी।
अब 3 फीसदी की नई बढ़ोतरी को मंजूरी मिलने के दावे के बाद DA की दर 63 फीसदी हो जाएगी। आम तौर पर केंद्रीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (DA) और पेंशनभोगियों की महंगाई राहत (DR) में साल में दो बार संशोधन किया जाता है। ये संशोधन सामान्यतः जनवरी और जुलाई से प्रभावी होते हैं। महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी का मकसद महंगाई के कारण कर्मचारियों के बढ़ते खर्च का बोझ कम करना है। नई दर किस तारीख से लागू होगी यह आधिकारिक आदेश से स्पष्ट होगा।
क्या होता है महंगाई भत्ता
महंगाई भत्ता यानी DA केंद्र सरकार के कर्मचारियों को दिया जाने वाला अतिरिक्त भुगतान है। इसका उद्देश्य महंगाई बढ़ने के कारण कर्मचारियों की खरीदारी क्षमता पर पड़ने वाले असर को कम करना है। इसकी गणना कर्मचारी के मूल वेतन के प्रतिशत के आधार पर की जाती है। जब DA की दर बढ़ती है, तो कर्मचारियों की कुल मासिक सैलरी में भी इजाफा होता है। वहीं, पेंशन पाने वालों को महंगाई राहत यानी DR का लाभ मिलता है। यदि बढ़ा हुआ DA पिछली तारीख से लागू किया जाता है, तो कर्मचारियों को नियमों के अनुसार एरियर भी मिल सकता है।


