Ranchi News: रांची जिले के तमाड़ थाना क्षेत्र में नौ वर्षीय नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है. बच्ची के परिवार के परिचित और मुंहबोले चाचा पर उसे बहला-फुसलाकर जंगल में ले जाने और दुष्कर्म करने का आरोप लगाया गया है. घटना के बाद बच्ची के पिता ने तमाड़ थाने में आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.

चावल पहुंचाने के बहाने मांगी स्कूटी, बच्ची को भी ले गया साथ
परिजनों के अनुसार, आरोपी का बच्ची के परिवार के घर आना-जाना था. सोमवार सुबह करीब 11 बजे आरोपी बच्ची के पिता के पास पहुंचा और चावल पहुंचाने की बात कहकर उनसे स्कूटी मांगी. इसके बाद वह नौ वर्षीय बच्ची को भी स्कूटी पर बैठाकर अपने साथ ले गया. आरोप है कि आरोपी बच्ची को जंगल में ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया.

घर लौटने पर पिता के सवाल से खुला मामला
बताया गया कि कथित घटना के बाद आरोपी बच्ची को स्कूटी से घर वापस पहुंचा गया. घर पहुंचने पर बच्ची के कपड़ों पर गंदगी देखकर पिता ने उससे पूछा कि क्या वह स्कूटी से कहीं गिर गई थी. पिता के सवाल पर बच्ची रोने लगी और अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी. इसके बाद परिजनों को मामले की गंभीरता का पता चला.
पकड़ने की कोशिश में फरार हुआ आरोपी
बच्ची से घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया. इसी दौरान आरोपी स्कूटी खड़ी कर मौके से फरार हो गया. बच्ची के पिता ने उसका पीछा भी किया, लेकिन वह पकड़ में नहीं आ सका. बाद में बच्ची के माता-पिता उसे लेकर तमाड़ थाना पहुंचे और आरोपी के खिलाफ लिखित आवेदन दिया.
आरोपी की तलाश में छापेमारी, पुलिस कर रही जांच
तमाड़ थाना प्रभारी दुलाल कुमार महतो ने बताया कि सोमवार को पुलिस को घटना की सूचना मिली है और लिखित आवेदन भी प्राप्त हुआ है. मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. साथ ही पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है. जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है. मामले की जांच जारी है और पुलिस कार्रवाई के बाद घटना से संबंधित अन्य तथ्यों की पुष्टि हो सकेगी.


