रांची: राजधानी की व्यस्त सड़कों में शामिल अरगोड़ा चौक से कटहल मोड़ के बीच सफर करने वाले लोगों के लिए राहत की खबर है। इस मार्ग के बचे हुए हिस्से का चौड़ीकरण, मजबूतीकरण और पुनर्निर्माण जल्द शुरू करने की तैयारी पूरी कर ली गई है। राज्य सरकार के पथ निर्माण विभाग की इस योजना पर वित्तीय वर्ष 2026-27 में करीब 23.88 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। पथ निर्माण विभाग के पथ प्रमंडल रांची की देखरेख में सड़क का निर्माण कुल 3.450 किलोमीटर की लंबाई में कराया जाएगा। इस पूरे काम को पूरा करने के लिए 13 महीने की समय-सीमा तय की गई है। निर्माण कार्य तय समय पर और बेहतर गुणवत्ता के साथ पूरा हो, इसके लिए विभाग ने तीन चरणों में लक्ष्य निर्धारित किए हैं।

योजना के मुताबिक पहले 3.25 महीने में 25 प्रतिशत, 6.50 महीने में 50 प्रतिशत और 13 महीने के भीतर पूरा यानी 100 प्रतिशत काम पूरा करना अनिवार्य होगा। खास बात यह है कि तय समय से पहले काम पूरा करने पर ठेकेदार को बोनस देने का प्रावधान भी रखा गया है। वहीं, काम में देरी होने पर हर दिन के हिसाब से जुर्माना वसूला जाएगा।



