रांची: कैप्टन कूल महेंद्र सिंह धोनी एक बार फिर अपने खास अंदाज को लेकर चर्चा में हैं। आईपीएल से संन्यास के ऐलान के बाद जहां दुनिया भर में उनके फैंस भावुक हैं, वहीं माही इन सब बातों से बेफिक्र होकर रांची की सड़कों पर बाइक राइडिंग का मजा लेते नजर आए। सोशल मीडिया से लेकर अखबारों तक धोनी के संन्यास की चर्चा हो रही है, लेकिन माही अपने पुराने अंदाज में नजर आ रहे हैं। सामने आई तस्वीरों में धोनी ब्लैक टी-शर्ट और हल्के ग्रे रंग की हाफ पैंट पहने बाइक चलाते दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने हेलमेट पहन रखा है, लेकिन उन्हें पहचानने में किसी को मुश्किल नहीं होगी। रांची का यह सितारा बाइक राइडिंग का कितना शौकीन है, यह किसी से छिपा नहीं है। धोनी कई बार खुद भी अपने इस शौक के बारे में बता चुके हैं।

सिमलिया स्थित उनके आलीशान घर में करीब 100 मोटरसाइकिलों के लिए अलग से पार्किंग की व्यवस्था है। यह जगह किसी शानदार बाइक शोरूम से कम नहीं दिखती। धोनी अब खिलाड़ी के तौर पर मैदान पर नजर नहीं आएंगे। वह इंडियन प्रीमियर लीग में अपनी टीम चेन्नई सुपर किंग्स के साथ मेंटॉर की भूमिका में दिखाई देंगे। इससे पहले उन्होंने साल 2020 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया था।

बाइक के दीवाने हैं धोनी, रांची की सड़कों पर अक्सर आते हैं नजर
यह पहली बार नहीं है जब महेंद्र सिंह धोनी रांची की सड़कों पर बाइक चलाते दिखाई दिए हों। वह अक्सर रांची के रिंग रोड और शहर के दूसरे इलाकों में बाइक राइडिंग करते नजर आते हैं। रांची में रहने के दौरान धोनी कई बार जेएससीए स्टेडियम में प्रैक्टिस और ट्रेनिंग के लिए भी बाइक से ही पहुंचते हैं। एक बार तो उन्होंने रांची के एक स्थानीय क्रिकेटर को अपनी बाइक से लिफ्ट भी दी थी। बाइक के प्रति धोनी का जुनून काफी पुराना है। इसी शौक ने बॉलीवुड अभिनेता जॉन अब्राहम के साथ उनकी दोस्ती को भी मजबूत बनाया। धोनी अपने करियर के शुरुआती दिनों से लेकर अब तक दोपहिया वाहनों के कई बड़े ब्रांड के विज्ञापनों में भी नजर आ चुके हैं।
धोनी के बाइक कलेक्शन में शामिल हैं ये 15 शानदार मोटरसाइकिलें
महेंद्र सिंह धोनी के बाइक कलेक्शन की चर्चा अक्सर होती रहती है। उनके पास एक से बढ़कर एक महंगी और शानदार मोटरसाइकिलें हैं। उनके कलेक्शन में शामिल 15 प्रमुख बाइक्स इस प्रकार हैं:
- कॉन्फडरेट X132 हैलकट
- कावासाकी निंजा H2
- सुजुकी हायाबुसा
- कावासाकी निंजा ZX-14R
- हार्ले डेविडसन फैट बॉय
- डुकाटी 1098
- यामाहा RD350
- यामाहा RX100
- BSA Gold Star
- नॉर्टन कमांडो 961
- यामाहा YZF-R1
- जावा 42 बॉबर
- TVS अपाचे RR 310
- TVS Ronin
- राजदूत
धोनी के पास 100 से ज्यादा मोटरसाइकिलें हैं। हालांकि, हाल ही में एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि उनके पूरे कलेक्शन में से केवल 35 बाइक ही ऐसी हैं, जिन्हें चलाने की स्थिति में रखा गया है।
अब क्रिकेट के मैदान पर नहीं, मेंटॉर की भूमिका में दिखेंगे माही
धोनी ने आईपीएल से संन्यास का ऐलान कर दिया है। उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स के प्रबंधन से उन्हें टीम से रिलीज करने की अपील की थी। हालांकि, टीम प्रबंधन ने उनसे अपने फैसले पर दोबारा विचार करने को कहा। लेकिन जब धोनी अपने फैसले पर कायम रहे, तो उन्हें मेंटॉर की नई जिम्मेदारी सौंप दी गई। धोनी साल 2008 में आईपीएल के पहले सीजन से ही इस टूर्नामेंट का हिस्सा रहे हैं। उनकी कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स ने पांच बार आईपीएल का खिताब अपने नाम किया। इसके अलावा टीम दो बार चैंपियंस लीग टी20 की विजेता भी बनी। धोनी की अगुवाई में चेन्नई ने रिकॉर्ड 12 बार प्लेऑफ में जगह बनाई। भले ही धोनी अब खिलाड़ी के रूप में मैदान पर नजर न आएं, लेकिन उनके फैंस के बीच उनका क्रेज आज भी बरकरार है। रांची की सड़कों पर उनकी बाइक राइडिंग की तस्वीरें एक बार फिर बता रही हैं कि क्रिकेट से इतर माही का दिल आज भी मोटरसाइकिलों के लिए धड़कता है।


