

Bokaro: बोकारो जिले के बेरमो क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ CISF ने बड़ी कार्रवाई की है। ‘जीरो कोल लीकेज’ अभियान के तहत CISF की टीम ने दो अलग-अलग अभियानों में 38.820 टन अवैध रूप से जमा कोयला बरामद किया। इसके अलावा कोयला परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे एक पिकअप वाहन को भी जब्त किया गया है।
पहली कार्रवाई CCL के B&K एरिया स्थित DCCPL बैदकारो माइंस में की गई। कमांडेंट राजप्रताप सिंह के निर्देश पर CISF की रेड टीम, आसूचनाकर्मियों और CCL के सुरक्षा जवानों ने संयुक्त रूप से छापेमारी की। अभियान का नेतृत्व उप कमांडेंट गारा अभिलाष और सहायक कमांडेंट धनंजय कुमार पांडेय ने किया। इस दौरान माइंस के अलग-अलग स्थानों पर अवैध रूप से छिपाकर रखा गया 38.820 टन कोयला बरामद हुआ। जब्त कोयले को आगे की कार्रवाई के लिए CCL प्रबंधन को सौंप दिया गया।
वहीं, दूसरी कार्रवाई खेतको बस्ती से अवैध कोयला परिवहन की सूचना मिलने के बाद की गई। CISF ने चरकपनिया, खेतको, चलकारी, ढोरी खास और कल्याणी जैसे संवेदनशील इलाकों में सघन गश्त और एम्बुश अभियान चलाया।
इसी दौरान सुबह करीब 3:50 बजे ढोरी खास के पास खेतको की ओर से आ रहे एक संदिग्ध पिकअप वाहन को जवानों ने रुकने का संकेत दिया। CISF को देखते ही चालक वाहन सड़क पर छोड़कर फरार हो गया। तलाशी लेने पर पिकअप में कोयला लदा मिला। इसके बाद जवानों ने वाहन और उसमें रखे कोयले को जब्त कर लिया।
कार्रवाई के दौरान मौके पर 20 से 40 स्थानीय लोग जमा हो गए और विरोध जताने लगे। हालांकि CISF जवानों ने सूझबूझ और संयम से स्थिति संभाली और वाहन को सुरक्षित अपने कब्जे में ले लिया।
पिकअप से बरामद कोयले की मात्रा और उसकी कीमत का आकलन CCL प्रबंधन कर रहा है। वहीं, मामले में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 के तहत कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।


