रांची: झारखंड हाईकोर्ट को जल्द ही नया मुख्य न्यायाधीश मिलने वाला है। 24 नवंबर 2026 को हुई कॉलेजियम की बैठक में दो हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस के स्थानांतरण की सिफारिश की गई है। कॉलेजियम ने कर्नाटक हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस विभु बखरू को झारखंड हाईकोर्ट का नया चीफ जस्टिस नियुक्त करने की सिफारिश की है। यह नियुक्ति झारखंड हाईकोर्ट के वर्तमान मुख्य न्यायाधीश के 27 नवंबर 2026 को सेवानिवृत्त होने के बाद प्रभावी होगी। यानी मौजूदा चीफ जस्टिस के रिटायर होते ही जस्टिस विभु बखरू झारखंड हाईकोर्ट की जिम्मेदारी संभालेंगे। वहीं त्रिपुरा हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस एम.एस. रामचंद्र राव को कर्नाटक हाईकोर्ट भेजने की सिफारिश की गई है। कॉलेजियम की इस सिफारिश को अब केंद्र सरकार के पास भेजा जाएगा। इसके बाद राष्ट्रपति की मंजूरी मिलने पर तबादले का औपचारिक नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा।

कौन हैं जस्टिस विभु बखरू?
जस्टिस विभु बखरू का न्यायिक और कानूनी क्षेत्र में लंबा अनुभव रहा है। उन्हें 28 जुलाई 2011 को दिल्ली हाईकोर्ट ने वरिष्ठ अधिवक्ता के रूप में नामित किया था। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट, दिल्ली हाईकोर्ट, कंपनी लॉ बोर्ड सहित कई न्यायाधिकरणों में वकालत की है। इसके बाद 27 जुलाई 2011 को उन्हें दिल्ली हाईकोर्ट में अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया। करीब चार साल बाद, 18 मार्च 2015 को वह स्थायी न्यायाधीश बने। जस्टिस विभु बखरू 5 दिसंबर 2024 से 21 जनवरी 2025 तक दिल्ली हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। इसके बाद 19 जुलाई 2025 से वह कर्नाटक हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के पद पर कार्यरत हैं। अब सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की सिफारिश पर मुहर लगने के बाद वह झारखंड हाईकोर्ट के नए मुख्य न्यायाधीश के रूप में जिम्मेदारी संभालेंगे।



