Ranchi News: बुंडू अनुमंडलीय अस्पताल में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, डॉ. मधु तमवार को मिली कमान

News Aroma Desk
3 Min Read
Ranchi News: बुंडू अनुमंडलीय अस्पताल में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, डॉ. मधु तमवार को मिली कमान
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Ranchi News: बुंडू में अनुमंडलीय अस्पताल बुंडू की कार्यप्रणाली और चिकित्सा व्यवस्था को लेकर जिला स्वास्थ्य विभाग ने बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया है. अस्पताल में पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों के ड्यूटी से गायब रहने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए रांची के सिविल सर्जन सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी ने नई जिम्मेदारी सौंपने का आदेश जारी किया है.

21 नवंबर 2026 को जारी कार्यालय आदेश के अनुसार डॉ. मधु तमवार, चिकित्सा पदाधिकारी, अनुमंडलीय अस्पताल बुंडू को अस्पताल एवं इससे संबद्ध संस्थानों का निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी (DDO) घोषित करने के साथ-साथ उपाधीक्षक की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है.

हाजिरी बनाकर गायब रहने की शिकायत पर विभाग ने लिया संज्ञान

जारी आदेश में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया है कि अनुमंडलीय अस्पताल बुंडू में कार्यरत पदाधिकारी एवं कर्मचारी अक्सर अपनी हाजिरी बनाकर कार्यस्थल से गायब पाए जाते हैं. इसके कारण अस्पताल की चिकित्सा एवं विधि-व्यवस्था प्रभावित हो रही है. इसी स्थिति को देखते हुए चिकित्सा एवं विधि-व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने के उद्देश्य से यह प्रशासनिक निर्णय लिया गया है.

डॉ. अभिनाश कुमार सोय से वापस ली गई DDO की जिम्मेदारी

आदेश के दूसरे बिंदु में डॉ. अभिनाश कुमार सोय, उपाधीक्षक, अनुमंडलीय अस्पताल बुंडू को निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी के कार्य से मुक्त कर दिया गया है. अब अस्पताल एवं संबद्ध संस्थानों की निकासी एवं व्ययन संबंधी जिम्मेदारी डॉ. मधु तमवार संभालेंगे. आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है.

नई जिम्मेदारी को लेकर डॉ. मधु तमवार ने कही यह बात

नई जिम्मेदारी मिलने पर डॉ. मधु तमवार ने कहा, “मुझे जो नई जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करूंगा. अस्पताल में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता होगी. सभी चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को समय पर उपस्थित रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया जाएगा. अस्पताल की व्यवस्था को और बेहतर बनाने तथा मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा.”

अब अस्पताल की व्यवस्था पर रहेगी सबकी नजर

अस्पताल में हाजिरी बनाकर कार्यस्थल से गायब रहने की समस्या का सरकारी आदेश में उल्लेख होना स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है. अब नई जिम्मेदारी मिलने के बाद डॉ. मधु तमवार के सामने अस्पताल की प्रशासनिक व्यवस्था को दुरुस्त करने, कर्मचारियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने और मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की चुनौती होगी. स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि इस प्रशासनिक बदलाव के बाद अनुमंडलीय अस्पताल बुंडू की व्यवस्था में सकारात्मक सुधार देखने को मिलेगा.

Share This Article