तमाड़ में महिला की संदिग्ध मौत का बड़ा खुलासा, साजिशन हत्या निकली घटना

Archana Ekka
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Big Revelation of Suspicious Death : तमाड़ थाना क्षेत्र में हुई एक महिला की रहस्यमयी मौत के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है।

जिसे पहले चूल्हे की आग (Stove Fire) से हुई दुर्घटना माना जा रहा था, वह दरअसल पूरी तरह से सोची-समझी सुपारी किलिंग निकली।

पुलिस ने इस मामले में मुख्य साजिशकर्ता सहित कुल छह आरोपियों को Arrest कर लिया है। पूरे मामले का खुलासा पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर की गई गहन जांच के बाद हुआ।

चूल्हे में जला मिला था शव

बीते एक फरवरी को तमाड़ के तालाडीह गांव में पुतवारी कुमारी नामक महिला का शव उसके घर के चूल्हे में जला हुआ पाया गया था। शुरुआती जांच में इसे चूल्हे की आग से हुई मौत बताया गया।

गांव और आसपास के लोगों ने भी इसे हादसा मान लिया था, लेकिन मामला यहीं खत्म नहीं हुआ।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने बदली कहानी

दो फरवरी को आई Post Mortem Report ने पूरे केस की दिशा बदल दी। रिपोर्ट में साफ हुआ कि महिला की मौत आग से नहीं, बल्कि सिर में गोली लगने से हुई थी।

इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष छापेमारी टीम का गठन किया।

छह आरोपी गिरफ्तार

तेज कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अलग-अलग ठिकानों से छह आरोपियों को पकड़ा। पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी सोनाराम लोहरा, जो मृतका का देवर है, ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

उसने बताया कि उसे शक था कि उसकी भाभी पुतवारी कुमारी जादू-टोना जानती थी और उसी ने उसके दो बच्चों की मौत कराई है।

दो लाख में तय हुई हत्या

इसी शक और बदले की भावना में सोनाराम ने अपनी भाभी को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। उसने अपने साले अमित लोहरा की मदद से एक शूटर की तलाश की।

बाद में बुंडू निवासी शूटर विष्णु महतो से संपर्क किया गया और दो लाख रुपये में हत्या की सुपारी तय हुई। एक फरवरी की शाम शूटर अपने साथी के साथ मृतका के घर पहुंचा और सिर में गोली मारकर उसकी हत्या कर दी।

सबूत मिटाने की कोशिश

हत्या के बाद आरोपियों ने गोली के निशान और सबूत छुपाने के लिए महिला के शव को चूल्हे की आग में डाल दिया, ताकि इसे घरेलू हादसा दिखाया जा सके और पुलिस गुमराह हो जाए।

पुलिस की सतर्कता से खुला मामला

पुलिस की सतर्क जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आरोपियों से हुई पूछताछ के बाद पूरा मामला सामने आ सका। फिलहाल सभी आरोपी पुलिस हिरासत में हैं और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सनमार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।