
All India Karate Championship : खेलगांव स्थित हरिवंश ताना भगत इंडोर स्टेडियम में सिकोकई कराटे इंटरनेट झारखंड के तत्वाधान में तीसरी सिकोकई ऑल इंडिया ओपन कराटे चैंपियनशिप का शुभारंभ शनिवार को हुआ।
उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि साउथ एशियन कराटे फेडरेशन के अध्यक्ष एवं कराटे इंडिया ऑर्गनाइजेशन के अध्यक्ष हांशी भरत शर्मा, कराटे इंडिया ऑर्गनाइजेशन के ट्राइबल एंड माइनॉरिटी डेवलपमेंट कमिशन के चेयरमैन रेंशी सुनील किस्पोट्टा और वर्ल्ड कराटे फेडरेशन के जज जयंत कुमार करमाकर ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया
इस मौके पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हांशी भरत शर्मा ने कहा कि कि राज्य में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। राज्य के खिलाड़ियों में बस ज़रूरत है। उसे निखारने की झारखंड के खिलाड़ी भी अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जाकर देश का नाम रोशन कर रहे हैं। रेंशी सुनील किस्पोट्टा के नेतृत्व में खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतियोगिता में भाग लेकर देश का परचम लहरा रहे हैं। उद्घाटन समारोह के दौरान विवेकानंद विद्या मंदिर ध्रुव के विद्यार्थियों ने ब्रैड प्रदर्शन से समारोह की शोभा बढ़ायी।
प्रतियोगिता के पहले दिन मेज़बान टीम झारखंड के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और 14 स्वर्ण पदक जीतकर अपना दबदबा बनाते हुए शीर्ष स्थान प्राप्त किया। झारखंड का खाता छह साल के एरिक टुडू ने रजत पदक जीतकर खोला। इसके बाद मानो खिलाड़ियों में जीतने का सिलसिला शुरू कर लिया। अन्य खिलाड़ियों ने भी राज्य के लिए पदक जीते। दूसरे स्थान पर बंगाल की टीम ने अपनी जगह बनायी।
इस चैंपियनशिप में देशभर से कराटे के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। जिससे प्रतियोगिता के स्तर और प्रतिस्पर्धा में वृद्धि हुई है।
झारखंड की मेज़बानी में आयोजित इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन से दर्शक भी रोमांचित हुए। इस अवसर पर एशियन कराटे फेडरेशन के जज स्वप्न कुमार मंडल, टुम्पा कर्माकर, अनिल किस्पोट्टा, साधन चंद लोहार, मोहम्मद इस्लाम, सुशांत बारीक, अभिषेक राज गोस्वामी, अंकित राज सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

