सृजन घोटाला में CBI ने तीन महिलाओं को किया गिरफ्तार, भागलपुर कोर्ट में किया गया पेश

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

भागलपुर: सृजन घोटाला के आरोपी अपर्णा वर्मा, राजरानी वर्मा और जसीमा खातून को सीबीआई ने सोमवार देर रात गिरफ्तार कर लिया है। तीनों आरोपितों को आज भागलपुर कोर्ट में पेश किया गया।

उल्लेखनीय है कि तीनों के खिलाफ हाल ही में सीबीआई कोर्ट पटना से गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। सीबीआई ने उन्हें विभिन्न जगहों पर छापेमारी कर गिरफ्तार किया है।

तीनों आरोपित सृजन महिला विकास सहयोग समिति लि. सबौर की प्रबंधकारिणी सदस्य थीं। गिरफ्तार तीनों महिला आरोपियों के संबंध घोटाले की मास्टरमाइंड मनोरमा देवी से भी थे।

तीनों के घर पर सीबीआई ने अगस्त महीने में भी दस्तक दी थी लेकिन तब तीनों पीछे के दरवाजे से फरार हो गई थीं। सोमवार की देर रात सीबीआई टीम ने एक बार फिर तीनों के घर पर दबिश दी और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। सीबीआई ने अलग-अलग स्थानों पर तीनों से पूछताछ भी की है।

सीबीआई को पूरी उम्मीद है कि गिरफ्तार की गई तीनों महिलाओं से उन्हें सृजन घोटाले के मामले में अहम जानकारी मिल सकती है। सीबीआई ने इनके खिलाफ आरसी 6ए से जुड़ा मामला 2018 में दर्ज किया था।

जिसके बाद कोर्ट ने 11 फरवरी 2021 को संज्ञान लिया। अदालत ने अलग-अलग सुनवाई के दौरान कई आरोपियों के खिलाफ समन और जमानतीय वारंट जारी किए।

लेकिन कोर्ट समन के बाद भी मामले के आरोपित कोर्ट में हाजिर नहीं हो रहे थे। इसके बाद कोर्ट से आरोपियों के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया गया था।

Share This Article